मिर्जापुर में रिश्वतखोर लेखपाल गिरफ्तार, 10 हजार लेते एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथ दबोचा

मिर्जापुर, जनमुख न्यूज़। जिले के देहात कोतवाली क्षेत्र के भरुहना इलाके में एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक लेखपाल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार लेखपाल की पहचान सत्येंद्र बघेल के रूप में हुई है, जो सदर तहसील में तैनात था।
बताया जा रहा है कि एक पीड़ित ने एंटी करप्शन टीम से शिकायत की थी कि लेखपाल किसी कार्य के बदले 10 हजार रुपये की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जाल बिछाया और पीड़ित को केमिकल लगे नोट सौंपे।
योजना के तहत पीड़ित भरुहना में तय स्थान पर लेखपाल से मिला। जैसे ही उसने रिश्वत की रकम सौंपी, पहले से मौजूद टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सत्येंद्र बघेल को मौके पर ही पकड़ लिया।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को देहात कोतवाली लाया गया, जहां उसके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है। इस कार्रवाई के बाद राजस्व विभाग में हड़कंप मच गया है।

