मिर्जापुर में पुलिस मुठभेड़: अधिवक्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी गिरफ्तार, दोनों पैरों में लगी गोली

मिर्जापुर, जनमुख न्यूज़। जिले के कटरा कोतवाली क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें अधिवक्ता हत्याकांड का मुख्य आरोपी राजेंद्र सोनकर गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है।
एएसपी सिटी नितेश सिंह के अनुसार, अधिवक्ता हत्याकांड के बाद से आरोपी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही थीं। इसी बीच सूचना मिली कि मुख्य आरोपी पीएसी के पीछे पहाड़ी क्षेत्र में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर कटरा कोतवाली पुलिस टीम मौके पर पहुंची।
पुलिस को देखते ही आरोपी ने फायरिंग करते हुए भागने का प्रयास किया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी और उसे मौके पर ही पकड़ लिया गया।
पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा और बाइक बरामद की है। घायल आरोपी को पुलिस अभिरक्षा में इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक ने बताया कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि उसके फरार साथी की पहचान कर ली गई है। उसकी गिरफ्तारी के लिए भी टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे भी पकड़ लिया जाएगा।

