वाराणसी में लापरवाह थानेदारों पर कार्रवाई, CP मोहित अग्रवाल ने दो इंस्पेक्टर लाइन हाजिर किए

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। मोहित अग्रवाल ने शनिवार रात ट्रैफिक पुलिस लाइन सभागार में आयोजित मासिक समीक्षा बैठक में पुलिस व्यवस्था को लेकर सख्त रुख अपनाया। बैठक में अपराध, यातायात, जन समस्याएं और सीएम डैशबोर्ड की समीक्षा करते हुए लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई की गई।
प्रदर्शन आधारित जवाबदेही तय करते हुए सीपी ने भेलूपुर इंस्पेक्टर सुधीर त्रिपाठी और लोहता इंस्पेक्टर राजबहादुर मौर्य को लापरवाही के चलते लाइन हाजिर कर दिया। लंबित विवेचनाओं और विवादों के निस्तारण में सुस्ती पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई।
कार्रवाई के तहत इंस्पेक्टर दुर्गा सिंह को भेलूपुर का नया प्रभारी निरीक्षक बनाया गया है, जबकि पीआरओ दिगंबर उपाध्याय को लोहता थाने का नया प्रभारी बनाया गया है। इसके अलावा सधुवन राम को चोलापुर और दरोगा विकास कुमार मौर्य को कपसेठी थाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।समीक्षा बैठक में आलोक प्रियदर्शी और शिवहरी मीणा समेत सभी जोन के अधिकारी मौजूद रहे। सीपी ने पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी और जवाबदेह बनाने के लिए व्यापक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए सामान्य मामलों में 30 दिन और गंभीर मामलों में 45 दिन के भीतर चार्जशीट दाखिल करने के निर्देश दिए। साथ ही संगठित अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट और गैंगस्टर जैसी कड़ी कार्रवाई करने को कहा।यातायात व्यवस्था सुधार के लिए 30 अप्रैल तक जाम में 25% कमी लाने का लक्ष्य तय किया गया है। इसके तहत ट्रैफिक मार्शल की तैनाती, अतिक्रमण हटाने और ई-रिक्शा संचालन को व्यवस्थित करने के निर्देश दिए गए।
महिला अपराधों पर जीरो टॉलरेंस, अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान, जनसंवाद बढ़ाने और डिजिटल प्लेटफॉर्म के अधिकतम उपयोग पर भी विशेष जोर दिया गया। सीपी ने कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और उनके कल्याण से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने की बात भी कही।

