काशी के घाटों पर अब मिलेगी मुफ्त वाई-फाई की सुविधा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। शहर को स्वच्छ व सुंदर बनाने के साथ-साथ नगर निगम अब इसे डिजिटल रूप से सशक्त बनाने में जुट गया है। इस क्रम में शनिवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी ने अस्सी घाट पर आयोजित एक समारोह में नि:शुल्क वाई-फाई सेवा का विधिवत लोकार्पण किया। प्रथम चरण में इस परियोजना के तहत अस्सी और दशाश्वमेध घाट को हाई-स्पीड इंटरनेट सुविधा से जोड़ दिया गया है।अस्सी घाट से सेवा की शुरुआत करते हुए महापौर ने कहा कि यह सुविधा शहर को आधुनिक स्मार्ट सिटी बनाने के संकल्प का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि मुफ्त वाई-फाई सेवा का आगाज़ अस्सी घाट से किया जा रहा है, जिसका लाभ दशाश्वमेध घाट पर भी मिलेगा। वर्तमान समय में इंटरनेट एक बुनियादी आवश्यकता है। घाटों पर आने वाले युवाओं, शोधार्थियों और पर्यटकों को अब कनेक्टिविटी के लिए परेशान नहीं होना पड़ेगा। यह डिजिटल पहल सूचनाओं के आदान-प्रदान को सुगम बनाने के साथ ही नगर निगम की सेवाओं को भी जनता के करीब ले जाएगी। कहा कि घाटों पर फ्री वाई-फाई जोन के बोर्ड लगाए गए हैं। नागरिक वहां दिए गए क्यूआर कोड को स्कैन कर आसानी से इंटरनेट सेवा का लाभ ले सकते हैं। उपसभापति नरसिंह दास ने कहा कि वर्तमान समय पूरी तरह से डिजिटल क्रांति का है, जो हमारे जीवन के हर पहलू को प्रभावित कर रहा है। मुफ्त वाई-फाई की सुविधा का उद्देश्य आम नागरिकों को डिजिटल तकनीक में सशक्त बनाना है।

