काशी दौरे पर पीएम मोदी: 7000 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात, नारी शक्ति महोत्सव में होंगे शामिल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रस्तावित दो दिवसीय दौरे को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 28 अप्रैल को बरेका परिसर में ‘नारी शक्ति महोत्सव’ का आयोजन किया जाएगा, जहां प्रधानमंत्री कार्यक्रम में शिरकत करेंगे और काशी की प्रबुद्ध महिलाओं से संवाद भी करेंगे।दौरे के दौरान प्रधानमंत्री शहरवासियों को करीब 7000 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इनमें कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण शामिल है। रात्रि विश्राम के बाद 29 अप्रैल को प्रधानमंत्री हरदोई के मल्लावां के लिए रवाना होंगे, जहां से गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण करेंगे।प्रशासन ने बाबतपुर से बरेका तक सड़कों को गड्ढामुक्त (पैचलेस) बनाने का जिम्मा लोक निर्माण विभाग को सौंपा है। इसके अलावा सिग्नेचर ब्रिज का शिलान्यास और लाट भैरव सेतु का लोकार्पण भी प्रस्तावित है।नगर विकास योजनाओं के तहत रामनगर क्षेत्र में गंगा किनारे सेंटर ऑफ एक्सीलेंस की स्थापना के साथ ही अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत वरुणा पार, रामनगर और सूजाबाद समेत 18 वार्डों में 814 करोड़ रुपये की पेयजल परियोजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा।इसके अतिरिक्त करीब 98 करोड़ रुपये की लागत से नगर निगम के नए सदन भवन का शिलान्यास भी प्रस्तावित है, जिसके लिए पुराने भवन को हटाने की प्रक्रिया जारी है। साथ ही गंजारी स्टेडियम, रोपवे परियोजना समेत अन्य प्रमुख विकास कार्यों की समीक्षा भी प्रधानमंत्री द्वारा की जाएगी।प्रधानमंत्री के इस दौरे को लेकर प्रशासनिक स्तर पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर व्यापक तैयारियां की जा रही हैं।

