मधुबन में सीएम योगी ने 130 करोड़ की परियोजनाओं का किया लोकार्पण, बोले- माफिया और अपराधियों पर सरकार सख्त

मऊ, जनमुख न्यूज़। जिले के मधुबन नगर पंचायत स्थित गांधी मैदान में शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने करीब 130 करोड़ 17 लाख 62 हजार रुपये की लागत वाली 49 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार की योजनाओं और कानून व्यवस्था को लेकर अपनी सरकार की उपलब्धियां गिनाईं।सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश सरकार हर गरीब तक पानी और मुफ्त राशन पहुंचाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अब प्रदेश में किसी माफिया की हिम्मत नहीं है कि वह किसी धार्मिक आयोजन में व्यवधान डाल सके। यदि कोई ऐसा करने की कोशिश करेगा तो उसका वही हश्र होगा जो रावण और कंस का हुआ था।
सीएम योगी ने कहा कि प्रदेश में बेटियों और व्यापारियों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने सख्त संदेश देते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था में सेंध लगाने वालों का फैसला “यमराज” करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज विकास का पैसा सीधे विकास कार्यों में लगाया जा रहा है, इसलिए जनता को बदलाव दिखाई दे रहा है।
गरीबों के हित में सरकार की योजनाएं प्रभावी तरीके से लागू की जा रही हैं और किसानों के लिए भी कई कल्याणकारी योजनाएं संचालित की जा रही हैं।उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने से प्रदेश में तेजी से विकास हो रहा है। इसी का परिणाम है कि अयोध्या में भव्य राम मंदिर का निर्माण हुआ और काशी विश्वनाथ धाम का विकास संभव हो सका। मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश अब माफिया मुक्त प्रदेश बन चुका है और विकास की यह यात्रा लगातार जारी रहनी चाहिए।

