यूपी में आंधी-बारिश का कहर: 28 लोगों की मौत, कई जिलों में भारी तबाही; 46 जिलों में फिर अलर्ट

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश में गुरुवार देर रात और शुक्रवार को आए तेज आंधी-तूफान और बारिश ने व्यापक तबाही मचा दी। लखनऊ समेत पश्चिमी, पूर्वी और तराई क्षेत्र के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया। कई स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई, जिससे कच्चे मकान क्षतिग्रस्त हो गए, टिनशेड उड़ गए और सैकड़ों पेड़ व बिजली के खंभे गिरने से विद्युत आपूर्ति बाधित हो गई।
प्राकृतिक आपदा से जुड़े हादसों और आकाशीय बिजली गिरने की घटनाओं में प्रदेशभर में अब तक 28 लोगों की मौत हो चुकी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हालात का संज्ञान लेते हुए सभी जिलाधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य तेज करने, नुकसान का आकलन करने और प्रभावित परिवारों को शीघ्र सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
विभिन्न जिलों में मौतें
रायबरेली में मकान के टिनशेड के नीचे दबने से एक महिला की मौत हो गई, जबकि अंबेडकरनगर में आकाशीय बिजली गिरने से एक व्यक्ति की जान चली गई। बुंदेलखंड क्षेत्र में सबसे अधिक 10 लोगों की मौत हुई है। बांदा और हमीरपुर में तीन-तीन, महोबा और उरई में दो-दो लोगों की मौत दर्ज की गई। इसके अलावा कौशांबी में चार, देवरिया में दो तथा प्रतापगढ़, मथुरा, उन्नाव, फतेहपुर, आजमगढ़, बलिया, भदोही और आगरा में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई। सहारनपुर के शाकंभरी देवी क्षेत्र में अचानक आई बाढ़ की चपेट में आकर दो महिलाओं की भी जान चली गई।
गर्मी से मिली राहत
आंधी और बारिश के बाद प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से 8 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया। अयोध्या, अमेठी, सीतापुर, सुल्तानपुर, गोंडा, बहराइच, बलरामपुर, कानपुर, हरदोई, बरेली और मुरादाबाद समेत कई जिलों में लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली।
मिर्जापुर में सबसे अधिक 100 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके बाद अयोध्या में 90 मिमी, प्रयागराज में 61 मिमी, उन्नाव में 59 मिमी और सिद्धार्थनगर में 51 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में सहारनपुर सबसे अधिक भीगा, जहां 32 मिमी बारिश हुई। सीतापुर, बदायूं और झांसी समेत कई जिलों में ओलावृष्टि भी हुई।
रेल यातायात भी प्रभावित
आंधी-बारिश का असर रेलवे संचालन पर भी पड़ा। कानपुर-मुंबई रेलमार्ग पर जालौन के पास रेलवे भवन की छत के टुकड़े ओएचई लाइन पर गिरने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई, जिसके कारण ट्रेनों का संचालन करीब छह घंटे तक प्रभावित रहा। वहीं गोरखपुर में रेलवे ट्रैक पर पेड़ गिरने से ओएचई तार टूट गया, जिससे 10 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुईं।
46 जिलों में आंधी-तूफान का अलर्ट
मौसम विभाग ने शनिवार के लिए प्रदेश के 46 जिलों में तेज आंधी-तूफान और बारिश की चेतावनी जारी की है। बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, बहराइच, सीतापुर, कानपुर, सहारनपुर, मेरठ, आगरा, झांसी, ललितपुर, महोबा, हमीरपुर समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है।
इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी
मौसम विभाग ने बांदा, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर समेत आसपास के क्षेत्रों में भारी वर्षा का विशेष अलर्ट जारी किया है। प्रशासन को सतर्क रहने और लोगों को आवश्यक सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।

इसे भी पढ़े-
सड़क दुर्घटना में कनिष्ठ अभियंता की मौत

सुलतानपुर, जनमुख न्यूज। जिले में मोटरसाइकिल सवार एक कनिष्ठ अभियंता की हलियापुर-बेलवाई मार्ग पर एक वाहन से टक्कर लगने से Read more

अमौसी एयरपोर्ट पर रेडियो एक्टिव एलिमेंट लीक होने से हड़कंप

लखनऊ, जनमुख डेस्क। अमौसी एयरपोर्ट से गुवाहाटी जाने वाली उड़ान से कैंसररोधी दवाओं के कंटेनर को भेजा जाना था। एयरपोर्ट Read more

अनुसूचित जाति के युवक के परिवार से मिले राहुल गांधी, बोले- हत्यारों पर नहीं हो रही कार्रवाई

लखनऊ, जनमुख डेस्क। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने मंगलवार को रायबरेली के पिछवरिया गांव में अनुसूचित जाति के Read more

सीएम योगी ने किया ‘रोड टू स्कूल’ का शुभारंभ

गोरखपुर, जनमुख डेस्क। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कहा कि किसी भी समर्थ और सशक्त राष्ट्र की सबसे प्रमुख उपलब्धि Read more

Spread the love

Related articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *