युवा भाजपा नेता की संदिग्ध आत्महत्या से इलाके में शोक, पुलिस जांच में जुटी

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। लक्सा थाना क्षेत्र के सिद्धगिरी बाग निवासी युवा भाजपा नेता सुनील शर्मा उर्फ ‘मुंशी’ की शनिवार को उनके आवास पर मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जा रहा है कि सुनील शर्मा विश्वनाथ गली में खिलौनों की दुकान और साड़ी की गद्दी का कारोबार करते थे। इसके साथ ही वह भाजपा से सक्रिय रूप से जुड़े हुए थे।
परिजनों के अनुसार, शनिवार को सुनील शर्मा घर में मृत अवस्था में मिले। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि इसके पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है।
पुलिस ने परिजनों और करीबियों से पूछताछ शुरू कर दी है। घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति अधिक स्पष्ट हो सकेगी।
घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा कार्यकर्ताओं, स्थानीय व्यापारियों और परिचितों में शोक की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में लोग उनके आवास पर पहुंचे और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।

