वाराणसी: लोहटिया में कारोबारी ने दुकान में फंदा लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कोतवाली थाना क्षेत्र के लोहटिया इलाके में रविवार को एक लोहे की चादर के कारोबारी ने दुकान के अंदर फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची तथा जांच-पड़ताल के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान चौक थाना क्षेत्र के छोटी प्यारी निवासी विकास आनंद (34) के रूप में हुई है, जो लोहटिया में लोहे की चादर की दुकान संचालित करते थे।परिजनों के अनुसार विकास रविवार सुबह रोज की तरह घर से दुकान खोलने के लिए निकले थे। दोपहर करीब 12 बजे उनके पिता जनार्दन स्वरूप आनंद दुकान पहुंचे तो विकास बाहर नहीं दिखाई दिए। अंदर जाकर देखने पर वह दुकान के भीतरी हिस्से में टीन खड़ा करने के लिए लगे गार्डर से नायलॉन की रस्सी के सहारे लटके मिले।
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोग मौके पर जुट गए। सूचना पर कोतवाली पुलिस पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। बाद में फोरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने मौके से आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और रस्सी को कब्जे में लिया।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है। परिजनों के अनुसार विकास परिवार के बड़े बेटे थे और लोहे के कारोबार का संचालन करते थे। उनकी करीब तीन वर्ष पूर्व शादी हुई थी तथा उनकी डेढ़ वर्ष की एक पुत्री भी है।पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

