कानपुर देहात में सास-दामाद की कथित कोर्ट मैरिज का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

कानपुर देहात,जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात जिले में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो ने लोगों के बीच चर्चा छेड़ दी है। वायरल वीडियो में एक महिला और एक युवक खुद को सास और दामाद बताते हुए कोर्ट मैरिज करने का दावा कर रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद मामला सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया है और लोग तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं।
बताया जा रहा है कि यह मामला अकबरपुर क्षेत्र से जुड़ा है। वायरल वीडियो में दोनों गले में फूलों की माला पहने दिखाई दे रहे हैं और कथित तौर पर विवाह प्रमाण पत्र भी दिखा रहे हैं। वीडियो में लोगों से उनके रिश्ते को स्वीकार करने और आशीर्वाद देने की अपील भी की गई है।
हालांकि, वायरल वीडियो में किए जा रहे दावों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है। अब तक न तो कोर्ट मैरिज से संबंधित कोई आधिकारिक दस्तावेज सार्वजनिक हुए हैं और न ही परिजनों की ओर से कोई बयान सामने आया है।
अकबरपुर थाना पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अभी तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। अधिकारियों का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता और उससे जुड़े तथ्यों की पड़ताल की जा रही है।
स्थानीय स्तर पर मामले को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है, लेकिन प्रशासन ने लोगों से अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करने की अपील की है। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

