पुलिस भर्ती परीक्षा शुरू, 50 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच दो पालियों में हो रही परीक्षा

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा रविवार से जिले में शुरू हो गई। परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है।जिले के 50 परीक्षा केंद्रों पर 8, 9 और 10 जून को परीक्षा आयोजित की जा रही है। परीक्षा प्रतिदिन दो पालियों में होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पाली दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित की गई है। प्रत्येक पाली में 22,032 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि प्रतिदिन कुल 44,064 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों के प्रवेश के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी की जा रही है। अभ्यर्थियों की सघन जांच, स्कैनिंग और फ्रिस्किंग के बाद ही प्रवेश दिया जा रहा है। सुरक्षा कर्मी बालों, कानों और अन्य संभावित स्थानों की भी जांच कर रहे हैं, ताकि किसी प्रकार के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण या अनुचित सामग्री का इस्तेमाल न हो सके।प्रशासन ने अभ्यर्थियों को परीक्षा शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले केंद्र पर पहुंचने के निर्देश दिए हैं। वहीं परीक्षा केंद्रों पर तैनात शिक्षकों को फोटोयुक्त पहचान पत्र जारी किए गए हैं। सेक्टर एवं स्टैटिक मजिस्ट्रेट सुबह से ही अपने-अपने केंद्रों पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।इसी क्रम में मैदागिन स्थित हरिश्चंद्र बालिका इंटर कॉलेज में परीक्षा व्यवस्थाओं और सुरक्षा इंतजामों का निरीक्षण किया गया। अपर पुलिस आयुक्त शिवहरि मीणा ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं और सीसीटीवी के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग की जा रही है।उन्होंने कहा कि परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन सतर्क है तथा परीक्षार्थियों की सुविधा का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है, ताकि भर्ती परीक्षा सकुशल संपन्न हो सके।

