भारत ने अफगानिस्तान को पारी और 300 रन से रौंदा, टेस्ट इतिहास की सबसे बड़ी जीत दर्ज

चण्डीगढ़, स्पोर्ट्स न्यूज़। भारत ने अफगानिस्तान के खिलाफ खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में ऐतिहासिक प्रदर्शन करते हुए पारी और 300 रन से शानदार जीत दर्ज की। टीम इंडिया ने मुकाबले के तीसरे ही दिन मैच समाप्त कर टेस्ट क्रिकेट में पारी के अंतर से अपनी सबसे बड़ी जीत हासिल की।
पहली पारी में भारत ने आठ विकेट पर 564 रन बनाकर पारी घोषित की थी। इसके जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी महज 152 रन पर सिमट गई। 412 रन की विशाल बढ़त मिलने के बाद भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन दिया।दूसरी पारी में भी अफगानिस्तान के बल्लेबाज भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सके और पूरी टीम 112 रन पर ढेर हो गई। अफगानिस्तान ने नौ विकेट गंवाए, जबकि अशरफ बल्लेबाजी के लिए मैदान पर नहीं उतर सके। इस तरह भारत ने पारी और 300 रन के बड़े अंतर से मुकाबला अपने नाम कर लिया।
इस मैच में पदार्पण कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर मानव सुथार ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने पहली पारी में छह विकेट झटके, जबकि दूसरी पारी में एक सफलता हासिल की। दूसरी पारी में वाशिंगटन सुंदर ने चार विकेट लिए, वहीं कुलदीप यादव ने तीन और मोहम्मद सिराज ने एक विकेट अपने नाम किया।
भारतीय बल्लेबाजों ने भी दमदार प्रदर्शन किया। शुभमन गिल और ऋषभ पंत के बीच चौथे विकेट के लिए 169 रन की साझेदारी हुई, जो अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में भारत की ओर से किसी भी विकेट के लिए सबसे बड़ी साझेदारी बन गई।भारत का 564 रन का स्कोर वर्ष 2023 के बाद घरेलू टेस्ट में 550 से अधिक रन का पहला स्कोर है। साथ ही यह अफगानिस्तान के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में किसी भी टीम द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर भी है।हालांकि यह मुकाबला विश्व टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का हिस्सा नहीं था, इसलिए इस जीत से भारत को अंक तालिका में कोई लाभ नहीं मिलेगा। इसके बावजूद टीम इंडिया ने अपने दमदार प्रदर्शन से एक नया रिकॉर्ड कायम करते हुए क्रिकेट जगत में अपनी ताकत का परिचय दिया।

