बड़ी टूट के कगार पर टीएमसी, बढ़ी हलचल, बागी सांसदों की BJP नेताओं से मुलाकात ने बढ़ाए राजनीतिक कयास

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। राजधानी दिल्ली में INDIA गठबंधन की अहम बैठक के बीच पश्चिम बंगाल की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस (TMC) में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। पार्टी के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सांसद पद से इस्तीफा दे चुके सुखेन्दु शेखर रॉय की भाजपा नेताओं से मुलाकात ने नए सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी है।
सूत्रों के अनुसार, सोमवार को टीएमसी के कई सांसद केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव के आवास पर पहुंचे। इस मुलाकात में भाजपा नेता और पूर्व त्रिपुरा मुख्यमंत्री बिप्लब देब भी मौजूद रहे। बताया जा रहा है कि बर्दमान पूर्व की सांसद शर्मिला सरकार, हावड़ा के सांसद प्रसून बनर्जी, कूचबिहार के सांसद जगदीश बसुनिया, झाड़ग्राम के सांसद कालिपद सोरेन और बांकुरा के सांसद अरूप चक्रवर्ती सहित कुछ सांसद बैठक में शामिल हुए।
सूत्रों का दावा है कि बाद में पश्चिम बंगाल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी भी भूपेंद्र यादव के आवास पहुंचे। वहीं, यह भी चर्चा है कि टीएमसी के कई सांसदों ने शुभेंदु अधिकारी से अलग से मुलाकात की। हालांकि, इन बैठकों को लेकर किसी भी पक्ष की ओर से आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।
यह घटनाक्रम ऐसे समय में सामने आया है जब तृणमूल कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सुखेन्दु शेखर रॉय ने हाल ही में राज्यसभा सदस्यता और पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिया है। इस्तीफे के बाद उन्होंने राज्य की कानून-व्यवस्था और चर्चित आरजी कर मामले को लेकर पार्टी नेतृत्व पर सवाल उठाए थे।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इन घटनाओं से पश्चिम बंगाल की राजनीति में नए समीकरण बनने की अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, फिलहाल न तो भाजपा और न ही तृणमूल कांग्रेस ने सांसदों की कथित नाराजगी या किसी संभावित राजनीतिक बदलाव को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि की है।उधर, दिल्ली में INDIA गठबंधन की बैठक में विपक्षी दल केंद्र सरकार के खिलाफ साझा रणनीति पर चर्चा कर रहे हैं। ऐसे में टीएमसी नेताओं की भाजपा नेताओं से मुलाकात ने राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर और तेज कर दिया है।

