वाराणसी में जीएसटी विभाग की उपायुक्त 50 हजार रुपये रिश्वत लेते गिरफ्तार, विजिलेंस की बड़ी कार्रवाई

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) की वाराणसी टीम ने जीएसटी विभाग की उपायुक्त अंबिका को 50 हजार रुपये की कथित रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई चेतगंज थाना क्षेत्र स्थित एक रेस्टोरेंट के पास की गई।
जानकारी के अनुसार, ब्लैक स्मिथ इंडस्ट्रीज प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक अजय कुमार मौर्य ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी कंपनी के फरवरी 2023 के जीएसटी रिटर्न और राज्य जीएसटी से संबंधित आगणन (असेसमेंट) की फाइल के निस्तारण के लिए उपायुक्त की ओर से 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत मिलने के बाद सतर्कता अधिष्ठान ने मामले की गोपनीय जांच कराई। जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने पर विजिलेंस टीम ने जाल बिछाया। तय योजना के तहत बुधवार को शिकायतकर्ता ने चेतगंज स्थित रेस्टोरेंट के पास 50 हजार रुपये नकद दिए। जैसे ही उपायुक्त अंबिका ने रुपये लिए, विजिलेंस टीम ने उन्हें मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।गिरफ्तारी के बाद आरोपी अधिकारी के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान थाना, वाराणसी सेक्टर में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। विजिलेंस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


