वाराणसी में दर्दनाक हादसा: कंक्रीट मिक्सर ट्रक से कुचलकर साइकिल सवार की मौत

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जिले में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार व्यक्ति की कंक्रीट मिक्सर ट्रक के नीचे आने से मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि मृतक का शरीर बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया। घटना के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया।
जानकारी के अनुसार, जैरामपुर सरैया गांव निवासी नखरु राजभर उर्फ कल्लू (45) बुधवार को अपने ससुराल पहाड़पुर गांव आए थे। गुरुवार सुबह वह अपने एक रिश्तेदार के साथ साइकिल से दानगंज बाजार जा रहे थे। नखरु साइकिल चला रहे थे, जबकि उनका रिश्तेदार पीछे बैठा था।
हाईवे पर पहुंचने के दौरान बगल से गुजर रहे कंक्रीट मिक्सर ट्रक के पास अचानक साइकिल का संतुलन बिगड़ गया। इससे नखरु सड़क पर गिर पड़े और ट्रक के पिछले पहिए की चपेट में आ गए। हादसे में उनकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद रिश्तेदार बाल-बाल बच गए।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और पुलिस को सूचना दी।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं, हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। बताया गया कि नखरु राजभर ठेला चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके परिवार में पत्नी, तीन बेटे और एक बेटी हैं। सभी बच्चे गांव के स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। पुलिस मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई में जुटी है।


