झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए दो चरणों में पड़ेगे वोट

नई दिल्ली,जनमुख न्यूज। चुनाव आयोग ने झारखंड विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान कर दिया है। यहां ८१ विधानसभा सीटों पर दो चरण में चुनाव होंगे। पहले चरण में १३ नवंबर और दूसरे चरण में २० नवंबर को मतदान होगा। जबकि २३ नवंबर को मतगणना होगी। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड में पहले चरण की अधिसूचना १८ अक्तूबर को जारी होगी। जबकि नामांकन २५ अक्तूबर से शुरू होंगे। वहीं नामांकन पत्रों की जांच २८ अक्तूबर को होगी। नाम वापसी ३० अक्तूबर को होगी। जबकि मतदान १३ नवंबर को होगा।वहीं दूसरे चरण के चुनाव की अधिसूचना २२ अक्तूबर को जारी होगी। नामांकन २९ अक्तूबर से होंगे। नामांकन पत्रों की जांच ३० अक्तूबर को होगी। जबकि नाम वापसी एक नवंबर को होगी। दूसरे चरण का मतदान २० नवंबर को होगा। नतीजे २३ नवंबर को आएंगे। मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि झारखंड में कुल मतदाता २.०६ करोड़ हैं। इनमें से पुरुष मतदाता १.३१ करोड़ और महिला मतदाता १.२९ करोड़ हैं। इसके अलावा झारखंड में कुल युवा मतदाता ६६.८४ लाख हैं। जबकि फर्स्ट टाइम वोटर ११.८४ लाख और दिव्यांग मतदाता ३.६७ लाख हैं। साथ ही यहां पर थर्ड जेंडर मतदाता ४४८ हैं। इसके साथ ही सौ साल से ऊपर वाले मतदाता १७०६ और ८५ वर्ष से ऊपर के मतदाता १.१४ लाख हैं। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने बताया कि झारखंड में कुल २९५६२ मतदान केंद्र होंगे। इसमें २०२२१ लोकेशन पर मतदान केंद्र हैं। इसमें ५०४२ मतदान केंद्र शहरी क्षेत्र और २४५२० मतदान केंद्र ग्रामीण इलाकों में होंगे। आयोग के मुताबिक हर मतदान केंद्र पर औसत ८८१ मतदाता मताधिकार का प्रयोग करेंगे। उन्होंने बताया कि झारखंड में कुल ८१ विधानसभा सीटों में से सामान्य सीटें ४४, एसटी सीटें २८ और एससी नौ हैं।

