‘एक परिवार ने देश को बंधक बनाया’— लखनऊ में पीएम मोदी का बड़ा सियासी बयान

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को लखनऊ में राष्ट्र प्रेरणा स्थल का उद्घाटन किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने विपक्ष पर तीखा हमला बोला और परिवारवाद की राजनीति को देश के विकास में बाधा बताया।
पीएम मोदी ने कहा कि एक परिवार ने लंबे समय तक देश को बंधक बनाकर रखा था, लेकिन भाजपा सरकार ने देश को उससे मुक्त कराया। उन्होंने कहा कि परिवारवाद की राजनीति की पहचान असुरक्षा और दूसरों को आगे न बढ़ने देने की सोच से होती है। इसी मानसिकता ने देश में राजनीतिक छुआछूत को जन्म दिया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शासनकाल में भाजपा नेताओं को सिर्फ अपमान झेलना पड़ा। वहीं, आज भाजपा की डबल इंजन सरकार का लाभ उत्तर प्रदेश को मिल रहा है और राज्य 21वीं सदी के भारत में अपनी अलग पहचान बना रहा है।
पीएम मोदी ने कहा कि उन्हें उत्तर प्रदेश से सांसद होने का गर्व है। यहां के मेहनतकश लोग नए भारत की नींव रख रहे हैं। अब यूपी की पहचान विकास से हो रही है। अयोध्या में राम मंदिर, काशी विश्वनाथ धाम और तेजी से बढ़ता पर्यटन उत्तर प्रदेश को वैश्विक मानचित्र पर स्थापित कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा ने देश के महापुरुषों के योगदान को सम्मान दिया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा कर्तव्य पथ पर स्थापित की गई, अंडमान में भी जहां उन्होंने तिरंगा फहराया था वहां उनकी प्रतिमा लगी है। डॉ. भीमराव आंबेडकर की विरासत को मिटाने के प्रयास हुए, लेकिन भाजपा ने उसे सहेजकर आगे बढ़ाया।
पीएम मोदी ने कहा कि लखनऊ आज वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान बना रहा है। ब्रह्मोस मिसाइल के निर्माण में लखनऊ की अहम भूमिका है, जिसने ऑपरेशन सिंदूर की सफलता में बड़ा योगदान दिया।
सरकारी योजनाओं का जिक्र करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पहले बैंक और बीमा जैसी सुविधाएं सीमित लोगों तक थीं, लेकिन अब जन-धन, जीवन ज्योति और दुर्घटना बीमा योजनाओं से करोड़ों गरीब जुड़े हैं। इन योजनाओं के जरिए अब तक हजारों करोड़ रुपये गरीब परिवारों को मिल चुके हैं।
प्रधानमंत्री ने बताया कि वर्ष 2000 के बाद गांवों में करीब आठ लाख किलोमीटर सड़कें बनी हैं, जिनमें से आधी पिछले दस वर्षों में तैयार हुई हैं। यूपी एक्सप्रेसवे नेटवर्क में देश का नेतृत्व कर रहा है। साथ ही अटल बिहारी वाजपेयी के दूरदर्शी फैसलों की चर्चा करते हुए उन्होंने मेट्रो और टेलीकॉम क्रांति को याद किया।
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले 11 वर्षों में भारत दुनिया का सबसे बड़ा मोबाइल निर्माता देश बन गया है और आज देश में इंटरनेट व मोबाइल उपयोगकर्ताओं की संख्या विश्व में सबसे अधिक है।

