अभिषेक–रिंकू का तूफान, भारत ने पहले टी20 में न्यूजीलैंड को 48 रन से हराया

नागपुर, स्पोर्ट्स न्यूज़। आज खेले गए पहले टी20 मुकाबले में न्यूजीलैंड को 48 रनों से शिकस्त देकर पांच मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। बुधवार को विदर्भ क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने अभिषेक शर्मा (84) और रिंकू सिंह (नाबाद 44) की विस्फोटक पारियों की बदौलत 20 ओवर में 7 विकेट पर 238 रन बनाए। यह टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत का सबसे बड़ा स्कोर है। इससे पहले भारत ने 2023 में 234/4 रन बनाए थे।
239 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड की टीम शुरुआत से ही दबाव में नजर आई। भारतीय तेज गेंदबाजों ने सटीक लाइन और लेंथ से रन गति पर लगाम लगाई। अर्शदीप सिंह और हार्दिक पांड्या ने शुरुआती झटके देकर कीवी बल्लेबाजी को बैकफुट पर धकेल दिया।
बीच के ओवरों में ग्लेन फिलिप्स ने न्यूजीलैंड की ओर से संघर्ष किया। उन्होंने 40 गेंदों पर 78 रनों की आक्रामक पारी खेली। फिलिप्स को मार्क चैपमैन (39 रन, 24 गेंद) का अच्छा साथ मिला और दोनों के बीच 79 रनों की साझेदारी हुई, जिससे मुकाबला कुछ देर के लिए रोमांचक बन गया।
हालांकि, बढ़ते रन रेट के दबाव में न्यूजीलैंड की टीम लय बरकरार नहीं रख सकी। फिलिप्स के आउट होते ही भारतीय गेंदबाजों ने फिर से शिकंजा कस दिया। वरुण चक्रवर्ती और शिवम दुबे ने दो-दो विकेट झटके, जबकि अर्शदीप सिंह, हार्दिक पांड्या और अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली। अंततः न्यूजीलैंड की टीम 20 ओवर में 7 विकेट पर 190 रन ही बना सकी।
इससे पहले भारतीय पारी की शुरुआत खास नहीं रही। ईशान किशन (8) और संजू सैमसन (10) पावरप्ले में ही आउट हो गए। इसके बाद अभिषेक शर्मा ने मोर्चा संभालते हुए मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने संयम के साथ शुरुआत की और फिर गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। अपनी पारी में अभिषेक ने 8 छक्के और 5 चौके लगाए।
तीसरे विकेट के लिए अभिषेक और कप्तान सूर्यकुमार यादव (32 रन, 22 गेंद) के बीच 47 गेंदों में 99 रनों की अहम साझेदारी हुई। सूर्यकुमार के आउट होने के बाद भी अभिषेक का आक्रामक अंदाज जारी रहा, हालांकि वह बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए।
अंतिम ओवरों में रिंकू सिंह ने शानदार फिनिश दिया। उन्होंने 20 गेंदों पर नाबाद 44 रन बनाते हुए डेथ ओवरों में बड़े शॉट लगाए। आखिरी ओवर में रिंकू ने 21 रन बटोरकर भारत का स्कोर 238 रन तक पहुंचाया।
दमदार बल्लेबाजी और अनुशासित गेंदबाजी के दम पर भारत ने मुकाबला 48 रनों से जीत लिया और सीरीज में मजबूत शुरुआत की।

