फर्जी आर्मी अफसर बनकर 15 लाख से ज्यादा की ठगी, वाराणसी से आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। फर्जी आर्मी अफसर बनकर युवाओं से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक आरोपी को एसटीएफ वाराणसी यूनिट और भेलूपुर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी ने अब तक 15 लाख रुपये से अधिक की धोखाधड़ी की है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान धर्मेंद्र कुमार पांडेय के रूप में हुई है, जो मूल रूप से चंदौली के अलीनगर थाना क्षेत्र के कैली गांव का निवासी है। फिलहाल वह वाराणसी के भेलूपुर थाना क्षेत्र स्थित बृज एन्क्लेव कॉलोनी में रह रहा था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी खुद को सेना में कमांडिंग अफसर बताता था और युवाओं को सेना, रेलवे और शिक्षा विभाग में नौकरी दिलाने का लालच देता था। वह अलग-अलग लोगों से 2 लाख से लेकर 10 लाख रुपये तक वसूल चुका है।
पुलिस ने आरोपी के पास से दो मोबाइल फोन, मिनिस्ट्री ऑफ डिफेंस के दो फर्जी आईडी कार्ड, तीन पैन कार्ड, तीन आधार कार्ड, दो ड्राइविंग लाइसेंस, तीन डेबिट कार्ड, शैक्षिक प्रमाण, पत्र और अंक पत्र, बरामद किए हैं।

