चोलापुर में झंडा विवाद पर फिर बवाल, पथराव में एसीपी घायल, भारी पुलिस बल तैनात

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कमिश्नरेट के चोलापुर थाना क्षेत्र के नेहिया गांव में आंबेडकर और केशरिया झंडे को लेकर विवाद दूसरे दिन भी हिंसक हो गया। शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसमें एसीपी सारनाथ विदुष सक्सेना गंभीर रूप से घायल हो गईं। उनके सिर में चोट लगने के बाद उन्हें तत्काल अस्पताल भेजा गया। घटना में एक दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए मौके पर पांच थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है। डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार, लालपुर-पांडेयपुर और सारनाथ थानों के प्रभारी समेत अन्य अधिकारी मौके पर मौजूद रहे और हालात पर नजर बनाए हुए हैं। सूचना मिलते ही एसडीएम पिंडरा और तहसीलदार कुलवंत सिंह के साथ एडिशनल सीपी भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
बताया जा रहा है कि 14 अप्रैल को आंबेडकर जयंती के अवसर पर गांव में भैरव बटुक धाम के गेट पर आंबेडकर का झंडा लगाया गया था। आरोप है कि बाद में कुछ असामाजिक तत्वों ने झंडा फाड़कर जला दिया, जिसके बाद भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दिया।प्रदर्शन के दौरान माहौल उस वक्त और तनावपूर्ण हो गया जब हिंदू युवा वाहिनी के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए। दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद बढ़ते-बढ़ते पथराव में बदल गया। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद हालात को नियंत्रित किया, लेकिन अगले दिन फिर तनाव बढ़ गया।
फिलहाल क्षेत्र में भारी पुलिस बल तैनात है और प्रशासन शांति व्यवस्था बनाए रखने के प्रयास में जुटा हुआ है

