आधी रात में अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला, हाथ, गर्दन और रीढ़ की हड्डी में गहरे घाव

मुंबई, जनमुख न्यूज़। बाॅलीवुड से बेहद चौंकाने वाली और चिंताजनक खबर सामने आई है। देर रात अभिनेता सैफ अली खान पर चाकू से हमला हुआ है। बताया जा रहा है कि अभिनेता के घर घुसे चोर ने उन पर हमला किया है। इसके बाद उन्हें मुंबई के लीलावती अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पुलिस ने बताया कि घटना आधी रात को अभिनेता के बांद्रा स्थित घर पर हुई। घटना की सूचना मिलने के बाद बांद्रा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
इस बारे अलग- अलग दावे सामने आ रहे हैं। एक दावा यह भी किया जा रहा है कि एक अज्ञात शख्स सैफ के घर में घुसा। दोनों के बीच हाथापाई हुई। घटना के समय अभिनेता के कुछ पारिवार के अन्य सदस्य भी घर में मौजूद थे। कहा यह भी जा रहा है कि घर में घुसे शख्स की नौकरानी से बहस हुई। जब अभिनेता ने बीच-बचाव कर व्यक्ति को समझाने और शांत करने की कोशिश की, तो उसने सैफ अली खान पर हमला कर दिया।
जबकि मुंबई पुलिस के मुताबिक, बॉलीवुड अभिनेता सैफ अली खान पर घर में घुसे चोरों ने चाकू से हमला कर दिया है। उन्हें मुंबई के अस्पताल में भर्ती किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस बीच लीलावती अस्पताल के सीईओ डॉ नरेश उत्तमानी ने बताया कि घटना आधी रात को अभिनेता के बांद्रा स्थित घर पर हुई। हमले के दौरान सैफ के हाथ, रीढ़ की हड्डी और गर्दन पर घाव आए हैं। अस्पताल में सैफ अली खान का अस्पताल में ऑपरेशन चल रहा है। उधर सैफ की पत्नी करीना कपूर खान भी उनसे मिलने सुबह 4.30 बजे अस्पताल पहुंची हैं। करीना के पर टीम ने बताया है कि उनके घर में लूट की कोशिश हुई है। इस हमले में सैफ की नौकरानी को भी चोटें आई हैं।
अब सैफ के पीआर की ओर से कहा गया है कि नैनी (बच्चों की देखभाल करने वाली हेल्पर) रात के 2.30 बजे के आसपास कुछ आवाज सुनकर उठी। घर पर सैफ अली का पूरा परिवार सो रहा था। इस बीच आवाज़ सुनकर सैफ जाग गए और उन्होंने हमलावरों का सामना किया, उन्हें पकड़ने की कोशिश भी की लेकिन हमलावर उन्हें घायल कर भाग गए।

