रांची से दिल्ली जा रही एअर एंबुलेंस झारखंड के चतरा में क्रैश, 7 लोगों की मौत

रांची, जनमुख न्यूज़। झारखंड से दिल्ली जा रही एक एयर एंबुलेंस सोमवार शाम चतरा जिले में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। रेडबर्ड एयरवेज की बीचक्राफ्ट किंग एयर B90L मेडिकल चार्टर फ्लाइट में कुल सात लोग सवार थे, जिनमें एक मरीज, डॉक्टर, पैरामेडिक, अटेंडेंट और क्रू सदस्य शामिल थे।
जानकारी के अनुसार, फ्लाइट ने शाम 7:11 बजे रांची से उड़ान भरी थी। करीब 7:34 बजे विमान का कम्युनिकेशन अचानक टूट गया। कुछ देर बाद झारखंड के चतरा जिले के समरिया क्षेत्र में विमान के क्रैश होने की सूचना मिली।
बताया जा रहा है कि टेकऑफ के कुछ ही देर बाद विमान का रडार से संपर्क टूट गया और उसने रांची एयरपोर्ट से दोबारा संपर्क स्थापित नहीं किया। यह जानकारी नागरिक विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) के सूत्रों और रांची एयरपोर्ट अधिकारियों ने दी है।
सूत्रों के मुताबिक, यह एक मेडिकल इमरजेंसी फ्लाइट थी। उड़ान के दौरान विमान का संपर्क पहले संबंधित अगले एयर ट्रैफिक स्टेशन से स्थापित हुआ था और बाद में नियंत्रण उसे सौंपा गया। संपर्क स्थापित होने के कुछ ही समय बाद विमान से कम्युनिकेशन पूरी तरह टूट गया।
दुर्घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल सका है। संबंधित एजेंसियां मामले की जांच में जुट गई हैं।

