एयर इंडिया प्लेन क्रैश: 241 की मौत, सिर्फ एक यात्री जिंदा बचा; पूर्व CM विजय रूपाणी की मौत की पुष्टि

अहमदाबाद, जनमुख न्यूज़। गुरुवार दोपहर अहमदाबाद में हुए विमान हादसे में केवल एक यात्री, रमेश विश्वास कुमार, जीवित बच पाए हैं। बाकी 241 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। एयर इंडिया की उड़ान संख्या AI-171, जो अहमदाबाद से लंदन जा रही थी, उड़ान भरने के कुछ समय बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गई। यह बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान था, जिसमें 12 क्रू मेंबर्स समेत कुल 242 लोग सवार थे।
विमान में सवार यात्रियों में 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और 1 कनाडाई नागरिक शामिल थे। यात्रियों में 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात भी सवार थे।
प्लेन अहमदाबाद की एक रिहायशी इमारत से टकरा गया, जिसमें बीजे मेडिकल कॉलेज और सिविल हॉस्पिटल के डॉक्टर रहते हैं। हादसे के समय बिल्डिंग में मौजूद 50-60 डॉक्टरों में से 15 से अधिक घायल हो गए हैं। विमान के टकराने से इमारत का एक हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और घटनास्थल पर ज्यादातर शव बुरी तरह झुलस गए।
बचे इकलौते यात्री रमेश विश्वास कुमार विमान की सीट 11A पर बैठे थे। सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में वे खुद मलबे से बाहर निकलते और लंगड़ाते हुए चलते हुए नजर आ रहे हैं। उनके चेहरे और शरीर पर चोट के निशान हैं। रमेश ने बताया कि हादसे के बाद होश में आने पर उन्होंने खुद को लाशों के बीच पाया। उन्होंने बताया कि उनके भाई अजय भी उसी विमान में थे लेकिन उन्हें अब तक नहीं खोजा जा सका है।
इस भयावह हादसे में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की भी मौत हो गई है। वे अपनी बेटी से मिलने लंदन जा रहे थे। गुजरात भाजपा अध्यक्ष सी. आर. पाटिल ने उनके निधन की पुष्टि की है। हादसे की खबर के बाद से उनके आवास पर शोक का माहौल है। सोशल मीडिया पर उनकी एक तस्वीर भी वायरल हो रही है, जिसमें वे विमान में बैठे नजर आ रहे हैं।


