दिल्ली में वायु गुणवत्ता ‘बेहद खराब‘ सुबह गर्म रही

नई दिल्ली,जनमुख न्यूज। राष्ट्रीय राजधानी में मंगलवार की सुबह गर्म रही और न्यूनतम तापमान १७.९ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया। वायु गुणवत्ता अब भी ‘बेहद खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई। दिल्ली में सुबह नौ बजे वायु गुणवत्ता सूचकांक ३५५ रहा।राजधानी के आनंद विहार, जहांगीरपुरी, वजीरपुर, रोहिणी और मुंडका में वायु गुणवत्ता ‘गंभीर’ श्रेणी में रही। यहां एक्यूआई का स्तर ४०० से ऊपर था। एक्यूआई के वर्गीकरण के अनुसार, शून्य से ५० की श्रेणी को ‘अच्छा’, ५१-१०० को ‘संतोषजनक’, १०१-२०० को ‘मध्यम’, २०१-३०० को ‘खराब’, ३०१-४०० को ‘बहुत खराब’ तथा ४०१-५०० को ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।दिल्ली में सुबह साढ़े आठ बजे आर्द्रता का स्तर ९६ प्रतिशत दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि राजधानी में अधिकतम तापमान ३३ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

