जयपुर में अखिलेश यादव का BJP पर हमला, बोले— ‘PDA एकजुट होकर सत्ता से हटाएगा’

जयपुर, जनमुख न्यूज़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को जयपुर में आयोजित ‘इंडिया विजन’ कार्यक्रम के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा समाज में भेदभाव की राजनीति कर रही है और इस बार पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) समुदाय एकजुट होकर उसे सत्ता से बाहर करेगा।अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सामाजिक सौहार्द, विकास और खुशहाली के एजेंडे पर काम कर रही है, जबकि भाजपा विभाजनकारी राजनीति को बढ़ावा दे रही है। उन्होंने दावा किया कि पीडीए की एकजुटता आगामी चुनावों में निर्णायक साबित होगी।उन्होंने स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती के साहस की सराहना करते हुए चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए। अखिलेश ने आरोप लगाया कि विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के दौरान भाजपा ने धांधली की साजिश रची और फर्जी हस्ताक्षरों के जरिए फॉर्म-7 भरकर सपा समर्थक मतदाताओं के नाम कटवाने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि इस मामले में चुनाव आयोग से शिकायत की गई, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।भाजपा सरकार पर हमला जारी रखते हुए उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून-व्यवस्था कमजोर हुई है और अवैध कारोबार व नशे का व्यापार बढ़ा है। इसके उलट उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि सपा ने विकास का मॉडल प्रस्तुत किया, जिसमें आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे जैसे बड़े प्रोजेक्ट शामिल हैं।अखिलेश यादव ने भाजपा पर सांस्कृतिक विरासत को नुकसान पहुंचाने का आरोप भी लगाया। उन्होंने कहा कि सरकार ने मणिकर्णिका घाट को क्षति पहुंचाई और अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा तोड़ी, जिससे जनता में आक्रोश है।उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में जनता भाजपा को जवाब देगी और समाजवादी पार्टी को समर्थन देगी।

