लखनऊ में अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा वार: “डराकर शासन, चौड़ीकरण के नाम पर राजनीतिक डिमोलिशन”

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आज भाजपा सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा की नीतियों ने आम लोगों को खुलकर कारोबार करने से रोक दिया है। सरकार लोगों को इतना डराना चाहती है कि वे अपनी बात तक न कह सकें।अखिलेश ने दालमंडी में हो रहे विवादित डिमोलिशन को “राजनीतिक साजिश” बताते हुए कहा कि एक दुकान बनाने में वर्षों लग जाते हैं, लेकिन सरकार पल भर में उसे गिरा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा चौड़ीकरण के नाम पर व्यापारियों को बेवकूफ बना रही है और अधिकारियों के जरिए दबाव बनवा रही है।उन्होंने कहा कि दालमंडी के व्यापारी और स्थानीय सांसद उनसे मिलने आए हैं क्योंकि सरकार के फैसलों से उनका कारोबार संकट में पड़ गया है। यह राजनीतिक डिमोलिशन है क्योंकि भाजपा वहां से चुनाव नहीं जीत पाती।
वाराणसी पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने क्योटो बनाने का वादा किया था, लेकिन अब जनता को परेशान करना ही इनका मुख्य एजेंडा है। सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि भाजपा डिवाइड एंड रूल की नीति अपना रही है।अखिलेश ने कहा कि व्यापारियों को नई दुकानें देने की बात तो होती है, लेकिन ग्राहक कहां से आएंगे? भाजपा की सोच संकीर्ण और नकारात्मक है। अधिकारियों के माध्यम से डराना-धमकाना इनकी शैली बन गई है।उन्होंने कहा कि लखनऊ के अकबरनगर में भी अवैध तरीके से डिमोलिशन किया गया और मनचाहा मुआवजा लिया गया। भाजपा जनता को दुख देकर चुनाव नहीं जीत पाएगी। भविष्य में अधिकारियों से जवाबदेही तय होगी।वाराणसी मेट्रो पर बोलते हुए उन्होंने दावा किया कि सपा सरकार ने डीपीआर तैयार की थी लेकिन भाजपा ने परियोजना रोक दी।उन्होंने कहा — मेरठ के व्यापारियों को भाजपा ने “रिटर्न गिफ्ट” दिया है, और अब सपा उन्हें हराने के लिए तैयार है।
कानून-व्यवस्था पर भी अखिलेश ने भाजपा को कटघरे में खड़ा किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अपराध बढ़े हैं—छात्रा की दुष्कर्म के बाद हत्या, उपनिदेशक का शव मिलना जैसी घटनाएं साबित करती हैं कि प्रदेश अराजकता की ओर बढ़ रहा है।अखिलेश ने कहा— “भाजपा सरकार सबसे भ्रष्ट है। सिरप वाले सब पकड़े जाएंगे। अयोध्या की जनता ने भाजपा को हराकर संकेत दे दिया है कि अब बदलाव तय है।”

