भीषण ठंड के बीच भारी बारिश का अलर्ट, १०-१२ जनवरी के बीच बारिश के साथ बर्फबारी और ओले भी गिरेंगे

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज। भीषण ठंड के बीच मौसम के तेवर और तल्ख होने की संभावना है। मौसम विभाग ने १० से १२ जनवरी के बीच बारिश, बर्फबारी और ओले गिरने का अलर्ट जारी किया है। उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों से लेकर हिमालयी क्षेत्रों तक मौसम में यह बदलाव देखा जा सकता है।
१० से १२ जनवरी तक सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत के मौसम को प्रभावित करेगा। हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और उत्तर प्रदेश में ११ जनवरी को बारिश के साथ बिजली चमकने का अनुमान है। उत्तराखंड में ११ और १२ जनवरी को बारिश हो सकती है, जबकि राजस्थान में ओले गिरने की संभावना है।
पश्चिमी हिमालय में बारिश और बर्फबारी का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, मैदानी क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश में १० जनवरी तक घने कोहरे की स्थिति बनी रहेगी।
दक्षिण भारत में दो चक्रवाती सर्कुलेशन सक्रिय हैं। पहला सर्कुलेशन साउथ-ईस्ट बंगाल की खाड़ी और दूसरा उत्तरी तमिलनाडु में है। इनके कारण ११ और १२ जनवरी को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में गरज के साथ बारिश होने की संभावना है। १२ जनवरी को केरल में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

