जिम संचालक हत्याकांड के चारों आरोपी गिरफ्तार, असलहा बरामदगी के दौरान पुलिस पर की फायरिंग, दो दरोगा घायल

चंदौली जनमुख न्यूज़। जिले के मुगलसराय थाना क्षेत्र के धरना गांव में जिम संचालक अरविंद यादव की दिनदहाड़े हत्या के चारों आरोपियों को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। बृहस्पतिवार तड़के इन सभी को प्रयागराज से पकड़ा गया। गिरफ्तार आरोपियों में श्याम यादव उर्फ कल्लू, काजू, बृजेश और रोहित शामिल हैं।
पुलिस आरोपियों को असलहा बरामदगी के लिए महेवा गांव के पास एक निजी विद्यालय में ले गई थी। इस दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी, जिसमें उप-निरीक्षक अजय यादव और अभिषेक शुक्ला गोली लगने से घायल हो गए। दोनों को तत्काल चंदौली जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए चारों बदमाशों को दोबारा पकड़ लिया और उनके पास से हत्या में प्रयुक्त असलहे भी बरामद कर लिए गए। जानकारी के अनुसार, पुलिस जब आरोपियों से घटनास्थल के पास असलहे की बरामदगी करा रही थी, तभी उन्होंने भागने की कोशिश की।
22 जुलाई को धरना गांव में बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने जिम संचालक अरविंद यादव की सरेआम गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस घटना से इलाके में सनसनी फैल गई थी। तभी से पुलिस मामले की छानबीन कर रही थी। घटना के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने जिला अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल जाना और मामले की गहन जांच के आदेश दिए।

