वाराणसी में एंटी करप्शन की कार्रवाई: जेई और लाइनमैन 20 हजार रिश्वत लेते गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। जनपद में एंटी करप्शन (भ्रष्टाचार निवारण संगठन) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बिजली विभाग के एक जूनियर इंजीनियर (जेई) और लाइनमैन को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान जेई नवनीत यादव और लाइनमैन लक्ष्मण के रूप में हुई है, जो मंडुवाडीह उपकेंद्र पर तैनात थे।
पुलिस के अनुसार, मंडुआडीह निवासी शुभम श्रीवास्तव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि बकाया बिजली बिल के कारण उनका कनेक्शन काट दिया गया था। जब वह समस्या के समाधान के लिए विभाग पहुंचे, तो जेई नवनीत यादव ने जांच के दौरान उन पर बिजली चोरी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की धमकी दी और मामला निपटाने के लिए पहले 50 हजार रुपये की मांग की। बाद में सौदा 20 हजार रुपये में तय हुआ।
लगातार दबाव से परेशान होकर शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन टीम से संपर्क किया। टीम ने योजना बनाकर केमिकल लगे नोट शिकायतकर्ता को दिए और तय स्थान पर आरोपियों को बुलवाया।
जैसे ही शिकायतकर्ता ने जेई को 20 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए नवनीत यादव और लाइनमैन लक्ष्मण को मौके से गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान जेई की जेब से रिश्वत की रकम बरामद हुई, साथ ही अन्य नकदी की भी जांच की जा रही है।
दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर थाने लाया गया, जहां उनके खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया जारी है।

