रब राखा रिलीज पर अर्जुन कपूर ने बनवाया टैटू

बॉलीवुड,जनमुख न्यूज। फिल्म ‘सिंघम अगेन’ से अभिनेता अर्जुन कपूर ने अपने फिल्मी करियर की एक नयी पारी शुरू की है। रोहित शेट्टी की इस ब्लॉकबस्टर फिल्म में अभिनेता ने विलेन की भूमिका निभाई। दर्शकों को अर्जुन की एक्टिंग खूब पसंद आई। सोशल मीडिया पर लोगों ने अभिनेता के अभिनय की जमकर तारीफ की। इन सब के बीच अर्जुन ने अपने फैंस को एक बड़ा सरप्राइज दिया। उन्होंने अपने नए टैटू की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा की।अर्जुन कपूर ने अपने कंधे पर हिंदी में ‘रब राखा’ गुदवाया है। बता दें, सिंघम अगेन की रिलीज वाले दिन अर्जुन ने इस टैटू को बनवाया था। इसे उन्होंने अपनी दिवंगत मां मोना को समर्पित किया है।अभिनेता ने टैटू गुदवाने के दौरान की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। इनके साथ उन्होंने कैप्शन में लिखा, ‘रब राखा – भगवान आपके साथ रहें। मेरी मां हमेशा यही कहती थीं, अच्छे और बुरे समय में। आज भी, ऐसा लगता है कि वह यहीं मेरे साथ हैं, मेरा मार्गदर्शन कर रही हैं, मेरी देखभाल कर रही हैं।

