वाराणसी में चोरी के बाद आगजनी का खुलासा: नोट गिनते हुए वीडियो बनाकर फ्लाइंग किस देता आरोपी गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। चौक थाना क्षेत्र अंतर्गत कुंज गली, ब्रह्मनाल स्थित एक साड़ी की दुकान में आग लगने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। जांच में सामने आया कि यह महज आगजनी नहीं, बल्कि चोरी को छिपाने की साजिश थी। दुकान का ताला तोड़कर दो भाइयों ने करीब 50 हजार रुपये चुराए और शक से बचने के लिए साड़ी की दुकान में आग लगा दी।
चोरी के बाद आरोपियों ने रुपये गिनते हुए वीडियो भी बनाया, जिसमें एक युवक फ्लाइंग किस देता नजर आया।पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर कार्रवाई करते हुए 27 दिसंबर 2025 की रात करीब 2:20 बजे मुख्य आरोपी राधे यादव पुत्र भोला नाथ, निवासी मुगलसराय (चंदौली) को उसके गांव से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में राधे यादव ने स्वीकार किया कि उसने अपने फुफेरे भाई जितेंद्र यादव के साथ मिलकर चोरी और आगजनी की वारदात को अंजाम दिया था।
आरोपी ने बताया कि वह और उसका भाई पुरुषोत्तम दास अग्रवाल की साड़ी की दुकान में काम करते थे। वारदात की रात दोनों ने दुकान का ताला तोड़ा, नकदी चुराई और फिर माचिस से आग लगाकर फरार हो गए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 34 हजार रुपये नकद और नीले रंग का नारजो कंपनी का मोबाइल फोन बरामद किया है।दूसरा आरोपी जितेंद्र यादव, निवासी चोलापुर (वाराणसी), फिलहाल फरार है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। एसीपी दशाश्वमेध अतुल अंजान त्रिपाठी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उसे न्यायालय भेज दिया गया है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
गौरतलब है कि मंगलवार तड़के करीब 3 बजे कुंज गली स्थित पुरुषोत्तम दास अग्रवाल टेक्स प्रा.लि. की साड़ी की दुकान में आग लग गई थी। सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। प्रारंभिक जांच में आगजनी की आशंका जताई गई थी, लेकिन गहराई से जांच करने पर चोरी और साजिश का पर्दाफाश हुआ।

