विधानसभा चुनाव 2026 का ऐलान: पांच राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में अप्रैल में मतदान, 4 मई को आएंगे नतीजे

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। देश के पांच राज्यों और एक केंद्रशासित प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव 2026 का कार्यक्रम भारतीय चुनाव आयोग ने घोषित कर दिया है। चुनाव कार्यक्रम के अनुसार असम, केरल और पुदुचेरी में 9 अप्रैल को मतदान कराया जाएगा, जबकि तमिलनाडु में 23 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। वहीं पश्चिम बंगाल में दो चरणों में 23 और 29 अप्रैल को मतदान होगा। सभी राज्यों के चुनाव परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
इन चुनावों में करीब 17.4 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कुल 824 विधानसभा सीटों के लिए लगभग 2.19 लाख मतदान केंद्र बनाए गए हैं, जहां करीब 25 लाख मतदान कर्मियों की तैनाती की जाएगी। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने बताया कि आयोग ने सभी चुनावी राज्यों का दौरा कर तैयारियों की समीक्षा की है।
असम की 126 विधानसभा सीटों के लिए मतदान एक ही चरण में 9 अप्रैल को होगा और मतगणना 4 मई को की जाएगी। इसी तरह केरल में भी सभी सीटों पर 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान कराया जाएगा और परिणाम 4 मई को घोषित किए जाएंगे।
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को एक ही चरण में मतदान होगा। मतदान के बाद 4 मई को मतों की गिनती कर चुनाव परिणाम घोषित किए जाएंगे।
केंद्रशासित प्रदेश पुदुचेरी में भी 9 अप्रैल को एक चरण में मतदान कराया जाएगा और 4 मई को मतगणना होगी।
वहीं पश्चिम बंगाल में चुनाव दो चरणों में होंगे। राज्य में पहला चरण 23 अप्रैल और दूसरा चरण 29 अप्रैल को होगा। दोनों चरणों की वोटिंग के बाद 4 मई को मतगणना कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।
इन चुनावों के जरिए संबंधित राज्यों में नई सरकारों का गठन होगा और करोड़ों मतदाता लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी निभाएंगे

