जनसुनवाई के दौरान दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हमला, आरोपी गिरफ्तार

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर गुरुवार सुबह उनके सरकारी आवास (सिविल लाइंस) में आयोजित जनसुनवाई के दौरान हमला हो गया। घटना उस समय घटी जब मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता लोगों की समस्याएं सुन रही थीं। इसी दौरान लगभग 35 वर्षीय युवक ने पहले उन्हें कुछ कागज दिए और अचानक उन पर हमला कर दिया। मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने तुरंत आरोपी को पकड़ लिया और सिविल लाइंस थाने ले गए।
भाजपा ने इस घटना की कड़ी निंदा की है। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि मुख्यमंत्री पर हमला लोकतांत्रिक प्रक्रिया पर हमला है। वहीं, दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने भी घटना को दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा कि “अगर मुख्यमंत्री ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम नागरिक और महिलाएं कैसे सुरक्षित रह सकती हैं।”
घटना के दौरान मौजूद चश्मदीद अंजलि ने बताया कि आरोपी व्यक्ति बातचीत कर रहा था और अचानक मुख्यमंत्री को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद पुलिस ने उसे तुरंत पकड़ लिया। वहीं शैलेंद्र कुमार नामक शख्स, जो शिकायत लेकर जनसुनवाई में पहुंचे थे, ने कहा कि “गेट पर अफरा-तफरी मच गई थी। मुख्यमंत्री को थप्पड़ मारा गया था, यह बेहद गलत है।”
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले की जांच जारी है।

