ऑटो चालक हत्या का आरोपी पुलिस कस्टडी में फायरिंग करता पकड़ा गया, मुठभेड़ में घायल होकर गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। सुंदरपुर–नेवादा मार्ग पर मधुबन लॉन के पास ऑटो चालक की निर्मम हत्या के आरोपी विष्णु यादव ने सोमवार देर रात पुलिस कस्टडी में सनसनी फैला दी। आरोपी ने बरामदगी के दौरान दरोगा की पिस्टल छीनकर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में चितईपुर पुलिस ने उसे मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। मुठभेड़ में आरोपी के बाएं पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया।डीसीपी क्राइम सरवणन टी. के अनुसार, चितईपुर थाने की पुलिस टीम विष्णु यादव को लेकर हत्या में इस्तेमाल किए गए पेपर ब्लेड और अन्य सामान की बरामदगी के लिए जा रही थी। इसी दौरान आरोपी ने अचानक एसआई की पिस्टल छीन ली और पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस की जवाबी फायरिंग में विष्णु घायल हो गया और मौके पर ही गिर पड़ा। इलाज के बाद उसे सीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया।पुलिस जांच में सामने आया है कि मृतक की पहचान पहड़िया क्षेत्र की अशोक विहार कॉलोनी निवासी महेश यादव के रूप में हुई है। महेश ऑटो चलाकर अपने परिवार—पत्नी और तीन बच्चों—का पालन-पोषण करता था। सोमवार रात वह सुंदरपुर के पास सवारी के इंतजार में खड़ा था। आरोपी विष्णु यादव ने उससे लंका चलने का दबाव बनाया, लेकिन महेश ने मंडुवाडीह जाने की बात कहते हुए इनकार कर दिया। इसी बात पर गुस्से में आकर आरोपी ने पेपर कटिंग वाले ब्लेड से महेश का गला रेतकर हत्या कर दी।एसीपी भेलूपुर गौरव कुमार ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही महेश का भाई अभिषेक यादव मौके पर पहुंचा और शव की शिनाख्त की। पूछताछ में यह भी सामने आया है कि आरोपी विष्णु यादव का व्यवहार बेहद हिंसक और असामान्य था। उसके परिजन भी उसकी हरकतों से तंग आकर उससे दूरी बना चुके थे। उसने अपनी अविवाहित बहन की पिटाई कर उसे घर से निकाल दिया था और पड़ोसियों के साथ भी अक्सर मारपीट करता था।स्थानीय लोगों के अनुसार, विष्णु की गतिविधियों से पूरा इलाका परेशान था और सभी को आशंका थी कि वह कभी न कभी कोई बड़ी वारदात करेगा। भागने के दौरान भी उसने कई लोगों पर हमला करने की कोशिश की थी। फिलहाल पुलिस आरोपी के आपराधिक इतिहास की विस्तृत जांच कर रही है।

