जेल में बीमार हैं आजम खां, सुविधाएं न मिलने का पत्नी तजीन फात्मा ने लगाया आरोप

रामपुर, जनमुख न्यूज़। समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां से बृहस्पतिवार को उनकी पत्नी तजीन फात्मा ने रामपुर जिला जेल में मुलाकात की। मुलाकात के बाद उन्होंने आजम खां की सेहत को लेकर चिंता जताते हुए जेल प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए।
तजीन फात्मा ने बताया कि आजम खां इन दिनों बीमार हैं। उन्हें बुखार और खांसी की शिकायत है, इसके बावजूद जेल में उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध नहीं कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आजम खां को बेड तक नहीं दिया गया है और वे जमीन पर सोने को मजबूर हैं।
उनका आरोप है कि जेल में जिन सुविधाओं का प्रावधान है, वे आजम खां को नहीं मिल पा रही हैं। इस मुद्दे को कई बार उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
गौरतलब है कि इससे पहले भी तजीन फात्मा अपने बड़े बेटे अदीब आजम के साथ जेल में बंद आजम खां से मुलाकात कर चुकी हैं। फिलहाल आजम खां अपने बेटे अब्दुल्ला आजम से जुड़े दो पैन कार्ड मामलों में सजा मिलने के बाद रामपुर जिला जेल में बंद हैं। अदालत ने उन्हें सात साल की सजा सुनाई है।

