बड़ागांव हत्याकांड का खुलासा, तीन गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। २५ दिसंबर को बड़ागांव थाना क्षेत्र में हुई एक हिंसक घटना में तीन अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि बड़ागांव थाना क्षेत्रान्तर्गत दयालपुर गांव के पास सायं लगभग ६-७ बजे कुछ व्यक्तियों द्वारा रामू यादव एवं अभिषेक यादव से झगड़ा किया गया। उक्त झगड़े के दौरान रामू यादव को गोली मार दी गई तथा भागते समय एक अन्य बालक समीर सिंह को भी गोली मार दी गई, जिससे समीर सिंह की मृत्यु हो गई, जबकि रामू यादव गोली लगने से घायल हुआ, जो उपचार के उपरांत अब स्वस्थ है।
घटना की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए आकाश पटेल, पुलिस उपायुक्त गोमती जोन, द्वारा सहायक पुलिस आयुक्त पिण्डरा के नेतृत्व में थाना बड़ागांव से एक विशेष टीम का गठन कर घटना के सफल अनावरण हेतु प्रयास प्रारंभ किए गए। विवेचना के प्रयास उक्त घटना अत्यंत चुनौतीपूर्ण थी जिसके निम्न कारण थे मृतक एवं घायल व्यक्तियों में आपस में कोई संबंध नहीं था। अतः दोनों ही व्यक्तियों को गोली मारे जाने का कोई एक स्पष्ट कारण सामने नहीं आ रहा था। परंतु इसी दौरान घटनास्थल से कुछ दूर एक घर के निजी कैमरा में एक रिकॉर्डिंग प्राप्त हुई जिसमे वीडियो स्पष्ट नहीं था परंतु ऑडियो में महत्वपूर्ण साक्ष्य प्राप्त हुए इसके आधार पर कुछ संदिग्ध व्यक्तियों के नाम प्रकाश में आए। शुक्रवार को घटना में संलिप्त ०३ अभियुक्तगण करन प्रजापति पुत्र निवासी खरहरिया वारी, थाना बड़ागांव, उम्र लगभग २१ वर्ष; प्रेमशंकर पटेल निवासी कनियर नरायनपुर, थाना बड़ागांव, जनपद वाराणसी, उम्र ३० वर्ष तथा शुभम मौर्य निवासी खरावन, थाना बड़ागांव, उम्र २० वर्ष को पुलिस द्वारा गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ के दौरान अभियुक्तगणो द्वारा बताया गया की हम तीन और साधोगंज निवासी पवन कुमार पाल पुत्र दशरथ पाल निवासी दाण्डीपुर चकखरावन थाना बडागांव जनपद वाराणसी एवं उसका रिश्तेदार आकाश पाल पुत्र शोभनाथ पाल निवासी ग्राम एसएमएस कालेज के पीछे थाना रोहनिया वाराणसी अपने दोस्तों से मिलने २५/१२/२०२५ को जंसा गए थे। वहाँ दोस्त संदीप यादव पुत्र राम जन्म यादव निवासी उगापुर, थाना चौबेपुर, मनीष यादव निवासी उगापुर एवं दीपक यादव निवासी ‘उगापुर के साथ वहाँ शराब पी। उसके बाद हम सभी लोग २ मोटरसाइकिलों पर वापस साधोगंज की ओर जा रहे थे और दयालपुर गांव में एक बाग के पास पेशाब के लिए रुके। यही आकाश पाल के पैर में पीछे से आ रही एक गाड़ी, जिस पर दो लोग सवार थे, चढ़ गई जिसपे आकाश ने उन लोगों को पीटना शुरू कर दिया। इसके बाद हम सभी लोगों ने उन दोनों लोगों को पीटा। इस झगड़े में उन दोनों लड़कों ने शोर मचा दिया जिससे गांव के कुछ लोग इकट्ठा होने शुरू हो गए इस पर भागने के उद्देश्य से गोली मारने के लिए हम लोगों ने ललकारा जिस पर संदीप द्वारा एक लड़के पर गोली चला दी गोली मार कर हम ५ लोग दोनों मोटरसाइकिल लेकर बड़ागांव की और भागने लगे। उसी समय चूँकि संदीप आदि के पास कोई मोटरसाइकिल नहीं बची थी अतः उन लोगों ने वहाँ से गुज़र रहे एक लड़के को गोली मारकर उसकी मोटरसाइकिल लेकर पंचों शिवाला की ओर भाग गए। पुलिस उपायुक्त द्वारा घटना का सफल अनावरण करने वाली पुलिस टीम को २५हजार के पुरस्कार से पुरस्कृत किया गया।’

