बरेली बवाल केस: मौलाना तौकीर रजा समेत 38 पर चार्जशीट, पुलिस पर हमले का आरोप

बरेली, जनमुख न्यूज़। बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल से जुड़े मुख्य मामले में पुलिस ने शुक्रवार को एक और चार्जशीट कोर्ट में दाखिल कर दी। इस चार्जशीट में मौलाना तौकीर रजा समेत कुल 38 लोगों को आरोपी बनाया गया है, जिनमें एक बाल अपचारी भी शामिल है। आरोपियों में दो लोग शाहजहांपुर जिले के रहने वाले बताए गए हैं।
पुलिस का आरोप है कि नामजद आरोपियों ने ‘सिर तन से जुदा’ के नारे लगाते हुए दो अलग-अलग स्थानों पर पुलिस टीम पर हमला किया था। इस मामले में इंस्पेक्टर बारादरी धनंजय पांडेय ने मौलाना तौकीर रजा समेत 29 नामजद और 200 से 250 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। तहरीर के अनुसार, 26 सितंबर को वह पुलिस बल के साथ शहर में भ्रमण कर रहे थे, तभी सूचना मिली कि शाहदाना रोड पर अराजक तत्वों ने चौकी प्रभारी की टीम पर हमला कर माहौल बिगाड़ने की कोशिश की है। आरोप है कि मौलाना तौकीर रजा के आह्वान पर जुटी भीड़ ‘सिर तन से जुदा’ के नारे लगाते हुए इस्लामिया मैदान की ओर बढ़ रही थी।
सूचना मिलने पर इंस्पेक्टर अपनी टीम के साथ श्यामगंज पुल के पास पहुंचे। वहां मौलाना आजाद इंटर कॉलेज की ओर से आ रही भीड़ ने नारेबाजी करते हुए पुलिस टीम पर दोबारा हमला कर दिया। इस मामले की जांच क्राइम ब्रांच के इंस्पेक्टर संजय धीर को सौंपी गई थी। जांच पूरी होने के बाद उन्होंने शुक्रवार को 38 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की। जांच के दौरान नौ और आरोपियों के नाम सामने आए, जिन्हें भी चार्जशीट में शामिल किया गया है।
बरेली में 26 सितंबर को हुए बवाल को लेकर बारादरी, कोतवाली, प्रेमनगर, किला और कैंट थानों में कुल 10 मुकदमे दर्ज किए गए थे। बाद में दो और मामले दर्ज हुए। पुलिस अब तक मुख्य 10 मामलों में चार्जशीट दाखिल कर चुकी है, जिनमें 100 से अधिक आरोपी नामजद हैं। इनमें से 87 आरोपी फिलहाल जेल में हैं, जबकि दो मामलों की विवेचना अभी जारी है।

