वाराणसी में निर्माणाधीन मकान का बारजा गिरा, एक मजदूर की मौत; दूसरा घायल

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। सिगरा थाना क्षेत्र स्थित सिद्धगिरी बाग इलाके में निर्माणाधीन मकान का बारजा (छज्जा) गिरने से बड़ा हादसा हो गया। मलबे में दबने से दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को तुरंत बीएचयू ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दूसरे का उपचार जारी है।घटना के बाद सिगरा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।प्रत्यक्षदर्शी राकेश के अनुसार, टीवीएस शोरूम के ऊपर निर्माण कार्य चल रहा था। पहली मंजिल और छत पर मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान छत पर पीओपी से तैयार किया जा रहा बारजे का एक हिस्सा अचानक टूटकर नीचे बाहर की ओर काम कर रहे मजदूरों पर गिर गया। हादसे में दो मजदूर मलबे में दब गए।घायल मजदूर अमन मौर्या ने बताया कि वे काम कर रहे थे, तभी अचानक ऊपर से छज्जा गिर पड़ा। हादसे में उसे सिर, हाथ और कमर में चोट आई है। उसके साथ काम कर रहे दिनेश कुमार मौर्या (कछवां रोड निवासी) को गंभीर चोटें आईं। दोनों को तत्काल ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने दिनेश को मृत घोषित कर दिया।बताया जा रहा है कि मृतक दिनेश अपने तीन भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। हादसे के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और निर्माण कार्य में लापरवाही की भी पड़ताल की जा रही है।

