यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: एक ही परिवार के छह लोगों की मौत, रामायण पाठ के लिए जा रहे थे बटेश्वर

मथुरा, जनमुख न्यूज़। बलदेव क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन से हुई टक्कर में कार पूरी तरह चकनाचूर हो गई। हादसे में कैटरिंग का काम करने वाले धर्मवीर (48) सहित उनके दो बेटे, दो भांजे और एक पारिवारिक दोस्त की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दो शव कार में बुरी तरह फंस गए, जिन्हें बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला गया। बाद में सभी छह शवों को सड़क किनारे रखा गया, जिससे पूरे दृश्य में मातम और भय का माहौल बन गया।
अखंड रामायण पाठ के लिए जा रहे थे बटेश्वर
धर्मवीर, जो मूल रूप से मथुरा के हरलालपुरा गांव के रहने वाले थे, परिवार सहित दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में रहकर कैटरिंग का काम करते थे। शुक्रवार रात वे बटेश्वर में अखंड रामायण पाठ और भंडारे के लिए दिल्ली से निकले थे।
धर्मवीर के साथ कार में उनके बेटे, रोहित का दिल्ली निवासी दोस्त दुष्यंत, और महोबा के रहने वाले दो भांजे – दलवीर उर्फ छुल्ले व पारस सिंह सवार थे। धर्मवीर की पत्नी सोनी और बेटी पायल गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में जिंदगी के लिए जूझ रही हैं।
रात 3 बजे हुआ हादसा, सुबह मिली सूचना
परिजनों ने बताया कि रात करीब 3 बजे बलदेव क्षेत्र में कार एक अज्ञात वाहन से टकरा गई। सुबह लगभग 4 बजे बासौनी पुलिस से दुर्घटना की सूचना मिलने पर परिवारजन मथुरा की ओर दौड़ पड़े। हादसे की खबर जैसे ही हरलालपुरा गांव पहुंची, वहां मातम पसर गया।
धर्मवीर के चचेरे भाई प्रहलाद सिंह ने बताया कि बटेश्वर में उनके कहने पर एक धर्मशाला बुक की गई थी और वे धार्मिक आयोजन के लिए निकले थे। गांव में चार भाइयों में धर्मवीर तीसरे नंबर के थे। हादसे की खबर सुनकर पूरे परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
गांव में पसरा मातम, हर आंख नम
धर्मवीर की असमय मौत और परिवार के अन्य सदस्यों की जान जाने की खबर ने पूरे हरलालपुरा गांव को गमगीन कर दिया है। जो लोग धर्मवीर के साथ धार्मिक आयोजन की तैयारियों में लगे थे, अब उनके अंतिम दर्शन के लिए दौड़ पड़े हैं। गांव में हर घर शोक में डूबा है और आंखों में सिर्फ आंसू हैं।

