बंगाल चुनाव 2026: टीएमसी का घोषणापत्र जारी, महिलाओं-युवाओं और किसानों पर फोकस

कोलकाता, जनमुख न्यूज़। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 को लेकर सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। राजधानी कोलकाता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और सांसद अभिषेक बनर्जी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
घोषणापत्र में महिलाओं, युवाओं, किसानों और स्वास्थ्य सेवाओं पर विशेष जोर दिया गया है। ममता बनर्जी ने बताया कि ‘लक्ष्मी भंडार’ योजना के तहत महिलाओं को मिलने वाली सहायता राशि में ₹500 की बढ़ोतरी की जाएगी। इसके तहत सामान्य वर्ग की महिलाओं को ₹1,500 और SC/ST वर्ग की महिलाओं को ₹1,700 प्रतिमाह देने का वादा किया गया है।
इसके अलावा ‘बांग्लार युवा-साथी’ योजना के तहत बेरोजगार युवाओं को हर महीने ₹1,500 की सहायता जारी रखने की बात कही गई है। किसानों के लिए ₹30,000 करोड़ के कृषि बजट की घोषणा की गई है, जिससे कृषि क्षेत्र को मजबूती देने और भूमिहीन किसानों को सहारा देने का लक्ष्य रखा गया है।
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए हर ब्लॉक और शहर में ‘दुआरे चिकित्सा’ शिविर लगाने का वादा किया गया है, जबकि ‘बांग्लार शिक्षायतन’ योजना के तहत सरकारी स्कूलों के बुनियादी ढांचे को विकसित करने की बात कही गई है।
इस मौके पर ममता बनर्जी ने केंद्र सरकार और भाजपा पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव के दौरान साजिशें रची जा रही हैं और चुनाव के बाद परिसीमन व एनआरसी के जरिए लोगों की नागरिकता प्रभावित की जा सकती है। उन्होंने यह भी दावा किया कि अधिकारियों के तबादले चुनाव को प्रभावित करने के उद्देश्य से किए जा रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनता भाजपा सरकार से संतुष्ट नहीं है और आगामी चुनाव में राज्य की जनता फिर से टीएमसी पर भरोसा जताएगी।

