भोजपुरी गायिका शारदा सिन्हा का लंबी बीमारी के बाद निधन

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। भोजपुरी लोक गायिका शारदा सिन्हा का आज लंबी बीमारी के बाद 72 साल की आयु में निधन हो गया। शारदा सिन्हा ने दिल्ली एम्स में अंतिम सांस ली।
उनके निधन के बाद बेटे अंशुमान सिन्हा ने सोशल मीडिया पर मैसेज लिख कर जानकारी दी। उन्होंने लिखा ‘आप सब की प्रार्थना और प्यार हमेशा मां के साथ रहेंगे। मां को छठी मईया ने अपने पास बुला लिया है । मां अब शारीरिक रूप में हम सब के बीच नहीं रहीं।’ शारदा सिन्हा ने मंगलवार रात करीब 9.20 बजे अंतिम सांस ली। महापर्व छठ के दौरान शारदा सिन्हा के निधन से उनके प्रशंसकों के बीच शोक की लहर दौड़ गई।
शारदा सिन्हा को कला जगत में अभूतपूर्व योगदान के लिए देश के पद्म श्री और पद्म भूषण सम्मानों से नवाजा गया था। सोमवार को खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनके पुत्र अंशुमान से फोन पर बात कर मां की तबीयत के बारे में जानकारी ली थी।
शारदा सिन्हा को मैथिली और भोजपुरी गायिकी में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए जाना जाता है। उनके निधन की खबर से देश भर में उनके प्रशंसकों में शोक की लहर दौड़ गई।

