वाराणसी कैंट पर बड़ी कार्रवाई: पंजाब मेल से 400 जंगली तोते बरामद, तस्कर गिरफ्तार

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पंजाब मेल एक्सप्रेस ट्रेन से करीब 400 जंगली तोते बरामद किए हैं। ये तोते अवैध रूप से तस्करी कर अमेठी से पश्चिम बंगाल के बर्धमान ले जाए जा रहे थे।जीआरपी इंस्पेक्टर राजोल नागर ने बताया कि वन्यजीव संरक्षण से जुड़ी संस्था ‘बर्ड लाइफ’ से सूचना मिली थी कि एक तस्कर बड़ी संख्या में जंगली तोतों को ट्रेन के जरिए पश्चिम बंगाल पहुंचाने वाला है। सूचना मिलते ही जीआरपी और आरपीएफ की टीम ने रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों में सघन चेकिंग अभियान चलाया।
जांच के दौरान पंजाब मेल एक्सप्रेस के एक कोच में एक संदिग्ध व्यक्ति को रोका गया। तलाशी लेने पर उसके पास से बोरों और पिंजरों में बंद करीब 400 जंगली तोते बरामद किए गए। सभी तोते जीवित थे, लेकिन उन्हें बेहद तंग और अमानवीय हालात में रखा गया था।
पकड़े गए तस्कर की पहचान मोहम्मद जाहिद, निवासी बर्धमान (पश्चिम बंगाल) के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में उसने स्वीकार किया कि वह अमेठी से तोतों की खेप लेकर बर्धमान जा रहा था, जहां इन्हें अवैध रूप से बेचा जाना था।जीआरपी इंस्पेक्टर ने बताया कि बरामद सभी तोते जंगली प्रजाति के हैं, जिनका व्यापार और परिवहन कानूनन अपराध है। मामले की सूचना तुरंत वन विभाग को दी गई। इसके बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और तोतों की प्रजाति, स्वास्थ्य स्थिति और तस्करी से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू की।वन विभाग ने तस्कर के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। बरामद किए गए तोतों को सुरक्षित स्थान पर भेजने और उनके पुनर्वास की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

