यूपी में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 67 IAS अधिकारियों को पदोन्नति, चार बने प्रमुख सचिव

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। उत्तर प्रदेश सरकार ने शुक्रवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा कदम उठाते हुए 67 आईएएस अधिकारियों को पदोन्नति दे दी। चार वरिष्ठ आईएएस—शशि भूषण लाल सुशील, अजय कुमार शुक्ला, अपर्णा यू और एसवीएस रंगाराव—को सुपरटाइम वेतनमान प्रदान करते हुए प्रमुख सचिव बनाया गया है।
वर्ष 2010 बैच के 19 अधिकारियों को विशेष सचिव से सचिव पद पर प्रमोशन दिया गया है, जो 1 जनवरी 2026 से प्रभावी माना जाएगा। नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग के प्रमुख सचिव एम. देवराज ने पदोन्नति से जुड़े आदेश जारी कर दिए हैं। प्रमोशन के बाद राज्य में जल्द ही तबादलों की संभावनाएं भी बढ़ गई हैं।सचिव पद पर पदोन्नति पाने वालों में अखंड प्रताप सिंह, कुमार प्रशांत, नेहा शर्मा, मोनिका रानी, शंभु कुमार, योगेश कुमार, नितीश कुमार, भवानी सिंह खंगारौत, संदीप कौर, दुर्गाशक्ति नागपाल, रवींद्र कुमार और ओम प्रकाश आर्य शामिल हैं।
इन सभी को सुपरटाइम वेतनमान 1,44,200–2,18,200 रुपये प्रदान किया गया है।इसी बैच के के. बालाजी, आशुतोष निरंजन और सुजीत कुमार को प्रोफार्मा प्रमोशन दिया गया है। इन्हें दो वर्ष के भीतर मिड कैरियर ट्रेनिंग प्रोग्राम फेज-4 पूरा करना अनिवार्य होगा। नगेंद्र प्रताप, दिव्य प्रकाश गिरी, कृष्ण कुमार और सुधा वर्मा को भी सचिव पद पर पदोन्नति मिली है।वर्ष 2013 बैच के 30 अधिकारियों को सलेक्शन ग्रेड (1,23,100–2,15,900 रुपये) दिया गया है। इनमें दिव्या मित्तल, राजकमल यादव, प्रियंका निरंजन, अपूर्वा दुबे, हर्षिता माथुर, अविनाश कुमार, धीरेंद्र सचान, डॉ. वंदना वर्मा सहित कुल 30 नाम शामिल हैं। चांदनी सिंह को प्रोफार्मा पदोन्नति प्रदान की गई है।
इस बैच के सभी अधिकारियों को तीन वर्ष के भीतर मिड-कैरियर ट्रेनिंग पूरी करनी होगी।इसके साथ ही वर्ष 2012 बैच के राजेश कुमार त्यागी को सलेक्शन ग्रेड दिया गया है।वर्ष 2022 बैच के 13 अधिकारियों को वरिष्ठ समयमान वेतनमान मिला है, जिनमें श्रुति शर्मा, गामिनी सिंगला, उत्कर्ष द्विवेदी, अभिनव जे. जैन और अन्य शामिल हैं।

