कोडीन सिरप तस्करी पर बड़ा प्रहार: पुलिस ने 28.50 करोड़ की संपत्ति की कुर्की

वाराणसी, जनमुख न्यूज़। कोडीन युक्त कफ सिरप की अवैध तस्करी के खिलाफ सोनभद्र पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी के कथित सरगना शुभम जायसवाल के पिता भोला जायसवाल की करीब 28.50 करोड़ रुपये की संपत्ति कुर्क करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। यह कार्रवाई अदालत के आदेश पर शुक्रवार को वाराणसी में की गई।
पुलिस के अनुसार, कुर्क की गई संपत्तियों में बादशाह बाग कॉलोनी स्थित आलीशान आवास, व्यावसायिक भवन समेत कई अचल संपत्तियां शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि ये संपत्तियां मादक पदार्थों की अवैध तस्करी से अर्जित की गई थीं। एनडीपीएस एक्ट के तहत इसे अब तक की सबसे बड़ी जब्ती माना जा रहा है।
सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने बताया कि यह कार्रवाई संगठित अपराध और नशा तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई है। उन्होंने बताया कि भोला जायसवाल के खिलाफ दर्ज मामले की जांच के बाद अदालत ने 22 जनवरी को कुर्की का आदेश जारी किया था। इसके अनुपालन में सोनभद्र पुलिस की टीम को वाराणसी भेजा गया।
एसपी ने कहा कि मादक पदार्थों की तस्करी समाज के लिए गंभीर खतरा है और इसमें शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। जिले में नशे के अवैध कारोबार पर पूरी तरह लगाम लगाने के लिए पुलिस लगातार सख्त अभियान चला रही है।
जांच के दौरान आरोपी की अवैध रूप से अर्जित संपत्तियों की पहचान कर उन्हें कुर्क करने की पूरी प्रक्रिया अपनाई गई। पुलिस ने साफ किया कि आगे भी संगठित अपराध, नशा तस्करी और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ कठोर और निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि ऐसे अपराधों की जानकारी पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

