अंकिता भंडारी मामले में बड़ा फैसला, सीएम धामी ने सीबीआई जांच की सिफारिश की

नैनीताल। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अंकिता भंडारी के माता–पिता से बातचीत के बाद मामले में बड़ा कदम उठाया है। सीएम धामी ने अंकिता प्रकरण की सीबीआई जांच कराए जाने की संस्तुति कर दी है। अब इस पर अंतिम निर्णय केंद्र सरकार द्वारा लिया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही राज्य सरकार ने बिना किसी देरी के पूरी संवेदनशीलता और निष्पक्षता के साथ कार्रवाई की। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल एक महिला आईपीएस अधिकारी के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया।
सीएम धामी ने बताया कि प्रकरण से जुड़े सभी आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार किया गया और राज्य सरकार की ओर से अदालत में प्रभावी व मजबूत पैरवी सुनिश्चित की गई। उन्होंने स्पष्ट किया कि सभी आरोपी फिलहाल सलाखों के पीछे हैं और सरकार पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

