भाजपा ने वायरल वीडियो मामले में गोंडा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को पार्टी से निष्कासित किया

गोंडा, जनमुख न्यूज़। वायरल वीडियो प्रकरण को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने बुधवार को बड़ा फैसला लिया है। पार्टी के प्रांतीय नेतृत्व ने गोंडा जिलाध्यक्ष अमर किशोर कश्यप को तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है। यह कार्रवाई उस वीडियो के संदर्भ में हुई है, जो 25 मई को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में अमर किशोर एक महिला कार्यकर्ता के साथ पार्टी कार्यालय में दिखाई दे रहे थे।
मामला सामने आने के बाद अमर किशोर कश्यप ने खुद मीडिया के सामने आकर सफाई दी थी। उन्होंने कहा था कि महिला कार्यकर्ता को चक्कर आने पर वे केवल सहारा दे रहे थे। महिला ने भी बयान जारी कर जिलाध्यक्ष को अपना भाई बताया था और वीडियो को गलत तरीके से वायरल करने वालों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी। फिलहाल इस प्रकरण की जांच मनकापुर पुलिस कर रही है।
हालांकि, पार्टी ने अमर किशोर से 28 मई को जवाब तलब किया था। इसके बाद 7 जून को जब भाजपा के जिला प्रभारी विजय बहादुर पाठक गोंडा दौरे पर पहुंचे, तो कई पदाधिकारियों ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ खुलकर नाराजगी जाहिर की और बैठक का बहिष्कार तक कर दिया। पूरी रिपोर्ट पार्टी नेतृत्व को भेजी गई थी।
बुधवार को भाजपा के प्रदेश महामंत्री व मुख्यालय प्रभारी गोविंद नारायण शुक्ला ने अमर किशोर कश्यप के निष्कासन की घोषणा की। उधर, अमर किशोर ने इस कार्रवाई को एकपक्षीय बताते हुए सीसीटीवी फुटेज वायरल करने वालों पर भी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कुछ नेताओं के नाम लेते हुए उन्हें इस साजिश का जिम्मेदार ठहराया है और निष्कासन की मांग की है।
यह घटना 12 अप्रैल की रात की बताई जा रही है, जिसके वीडियो ने भाजपा की जिला इकाई में हलचल मचा दी थी।

