भाजपा को मिला नया राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष, नितिन नवीन को सौंपी गई संगठन की कमान

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक स्तर पर बड़ा फैसला लेते हुए बिहार के वरिष्ठ नेता नितिन नवीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह जिम्मेदारी अब तक केंद्रीय मंत्री और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा निभा रहे थे। लोकसभा चुनाव के बाद से ही पार्टी में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष को लेकर मंथन चल रहा था, इसी बीच बिहार विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत के करीब एक महीने बाद यह अहम नियुक्ति की गई है।
भाजपा की कोर कमेटी ने संगठन पर मजबूत पकड़ और प्रशासनिक अनुभव को देखते हुए नितिन नवीन को यह जिम्मेदारी सौंपी है। वर्तमान में वे नीतीश सरकार में पथ निर्माण विभाग और नगर विकास विभाग के मंत्री हैं। मंत्री बनने के कुछ ही दिनों बाद उन्हें पार्टी संगठन में इतनी बड़ी भूमिका सौंपे जाने को भाजपा में उनके बढ़ते कद के रूप में देखा जा रहा है।
नितिन नवीन को संगठन का माहिर नेता माना जाता है। उन्होंने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में लगातार पांचवीं बार जीत दर्ज की और चौथी बार मंत्री पद संभाला। रविवार को भाजपा संसदीय बोर्ड के इस फैसले की औपचारिक जानकारी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री अरुण सिंह ने दी।
45 वर्षीय नितिन नवीन वर्ष 2010 से बांकीपुर विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। वे नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव तक राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाएंगे। गौरतलब है कि भाजपा ने वर्ष 2020 में जेपी नड्डा को राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया था। उनका कार्यकाल 2024 में समाप्त हो गया था, जिसके बाद वे विस्तार पर बने हुए थे। वर्तमान में जेपी नड्डा केंद्र सरकार में स्वास्थ्य मंत्री हैं।
इस नियुक्ति पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नितिन नवीन को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

