यूपी में खाद संकट के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार

लखनऊ, जनमुख न्यूज़। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज कहा कि प्रदेश में खाद का संकट है। किसानों को खाद नहीं मिल रही है। पूरे प्रदेश का किसान खाद के लिए लाइनों में लगा है। कई जगह खाद में लाइन में लगे-लगे बुजुर्ग किसानों की जान चली गयी लेकिन तब भी खाद नहीं मिली। प्रदेश में खाद संकट के लिए भाजपा सरकार जिम्मेदार है। सरकार बताए कि खाद कहां है? इस सरकार में किसान पर चौतरफा संकट हैं एक तरफ फसलों के लिए खाद नहीं है, दूसरी तरफ जंगल से सटे जिलों में जंगली जानवर के हमलों में किसानों की जानें चली जा रही है। कहीं गुलदार हमले कर रहे है तो कहीं भेड़िया और बाघ के हमले में जान जा रही है। बिजनौर, पीलीभीत, लखीमपुर, सीतापुर, बलरामपुर जिलों में जंगली जानवरों के हमले में कई किसानों और बच्चों की मौत हो चुकी है। समाजवादी पार्टी लगातार सदन से सड़क तक किसानों की आवाज उठा रही है लेकिन भाजपा सरकार को नहीं सुनाई दे रहा है। ऐसा लगता है कि प्रदेश में सरकार ही नहीं है। प्रदेश में न खाद है और न किसान सुरक्षित है।
समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में रविवार को आयोजित एक प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार झूठ बोलती है। यह सरकार झूठी है। झूठ बोलना इसकी आदत है। प्रदेश में इस सरकार ने जिन स्कूलों को बंद किया था या जिनका मर्जर किया था उन्हें फिर नहीं शुरू किया गया। सरकार ने विधान सभा में, सदन में भी झूठ बोला कि स्कूलों को बंद नहीं किया जाएगा जिससे लोग भरोसा कर लें।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में उत्पीड़न और अन्याय चरम पर है। पता चल रहा है कि जिन लोगों ने पीडीए पाठशाला चलायी है और जिन अभिभावकों ने उसमें अपने बच्चों को भेजा है, यह सरकार उनके खिलाफ भी मुकदमों की तैयारी कर रही है।
चुनाव में वोट की हेराफेरी के सवाल पर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि आज पूरे देश ने स्वीकार कर लिया है कि भाजपा वोट चोरी करती है। वोट की डकैती करती है। अब पार्टियों और कार्यकर्ताओं का काम बहुत बढ़ गया है। वोट बनवाना, वोट जोड़वाना, फिर चुनाव में वोट पड़वाना और वोट गिनवाना। जनता को हर स्तर पर सतर्क रहना होगा। कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर बूथ पर और ज्यादा काम करना होगा।
संसद में लाये गये नए विधेयक को लेकर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि लगता है प्रदेश के मुख्यमंत्री जी को पहले से पता था तभी उन्होंने कुर्सी पर बैठते ही अपने सभी मुकदमों को वापस ले लिया। अपने साथ ही डिप्टी सीएम के भी मुदकमें वापस ले लिए थे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार वोट चोरी से ध्यान हटाने के लिए यह विधेयक लेकर आयी है। यह विधेयक क्षेत्रीय दलों को कमजोर करने और उन्हें तोड़ने के षडयंत्र के तहत लाया गया है। समाजवादी पार्टी इसका विरोध करती है। भाजपा सरकार झूठे और फर्जी मुकदमें लगाकर नेताओं को जेल भेजना चाहती है। उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के कई नेताओं मोहम्मद आजम खां साहब, विधायक रमाकांत यादव, इरफान सोलंकी को झूठे मुकदमों में जेल भेजा गया है। कई और नेताओं पर फर्जी मुकदमें लगाकर जेल भेजा था।
श्री अखिलेश यादव ने कहा कि जनता पीडीए से जुड़ रही है। बदलाव के लिए जनता भाजपा सरकार के खिलाफ एकजुट हो रही है। पीडीए नारे के साथ जनता को जोड़ना है। भाजपा की अन्यायी, भ्रष्टाचारी सत्ता को उखाड़ फेंकना हैं। उन्होंने कहा कि देश में समाजवादी विचारधारा, सेकुलरिज्म के रास्ते और लोकतांत्रिक व्यवस्था से ही खुशहाली और समृद्धि आयेगी। देश की संवैधानिक संस्थाओं को मजबूत करना होगा। भाजपा संस्थाओं और संसाधनों पर कब्जा कर रही है। भाजपा सत्ता से बाहर जाएगी तभी संस्थाएं मजबूत होंगी। तभी लोकतंत्र और संविधान बचेगा।

