भाजपा ने संजय सरावगी को बनाया बिहार प्रदेश अध्यक्ष, संगठन में बड़ा बदलाव

नई दिल्ली, जनमुख न्यूज़। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सोमवार को बिहार भाजपा के नए प्रदेश अध्यक्ष के नाम का ऐलान कर दिया। पार्टी ने दरभंगा से विधायक संजय सरावगी को बिहार संगठन की कमान सौंपी है। वह दिलीप जायसवाल का स्थान लेंगे। इससे पहले रविवार को भाजपा ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया था। इसके अगले ही दिन बिहार भाजपा संगठन में बड़ा फेरबदल करते हुए प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी संजय सरावगी को दी गई।
संजय सरावगी दरभंगा शहरी विधानसभा सीट से लगातार पांच बार चुनाव जीत चुके हैं। वह इससे पहले बिहार सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं और क्षेत्र में मजबूत पकड़ रखने वाले नेताओं में गिने जाते हैं। उन्होंने पहली बार वर्ष 2005 में विधानसभा चुनाव लड़ा था और तभी से लगातार इस सीट से विजयी होते आ रहे हैं।
1969 में जन्मे संजय सरावगी ने ललित नारायण मिथिला विश्वविद्यालय से एमए तक की पढ़ाई की है। उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) से हुई। इसके बाद वर्ष 2003 में उन्होंने दरभंगा नगर निगम के वार्ड नंबर 6 से वार्ड पार्षद का चुनाव जीतकर सक्रिय राजनीति में कदम रखा।
फरवरी 2005 और फिर अक्टूबर 2005 में हुए विधानसभा चुनावों के साथ-साथ 2010 में भी संजय सरावगी ने दरभंगा सीट से जीत दर्ज की। उन्होंने अपने निकटतम राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रत्याशी को करीब 26 हजार मतों के अंतर से हराया था। इसके बाद से वह लगातार विधायक बने हुए हैं। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि उनके नेतृत्व में बिहार भाजपा संगठन और अधिक मजबूत होगा।

