पीएम मोदी की मां पर अपशब्द मामले में बिहार बंद, भाजपा-एनडीए का विरोध प्रदर्शन

पटना, जनमुख न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की दिवंगत मां को अपशब्द कहे जाने के विरोध में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और एनडीए ने शनिवार को बिहार बंद का आह्वान किया। बंद सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रभावी रहा। भाजपा ने इसका नेतृत्व महिला मोर्चा को सौंपा, जबकि राज्यभर में वरिष्ठ नेताओं ने सड़क पर उतरकर विरोध जताया।
पटना में पूर्व केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद भी सड़कों पर उतरे और राजद-कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि पीएम की मां पर अभद्र टिप्पणी महागठबंधन की “गिरती हुई राजनीति और संस्कारहीनता” को दिखाती है।
मनेर और बिहटा में भाजपा नेताओं ने सड़कों पर जाम लगाया। पूर्व विधायक श्रीकांत निराला के नेतृत्व में राष्ट्रीय राजमार्ग-30 को जाम कर विरोध प्रदर्शन किया गया। वहीं, कटिहार में पूर्व उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद ने कहा कि भारत में मां का स्थान सर्वोच्च है, और किसी भी मां का अपमान देश बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने आरोप लगाया कि महागठबंधन सत्ता की राजनीति के लिए “नीचे स्तर तक गिर चुका है।”
दरभंगा, गया समेत सभी जिलों में एनडीए कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर बाजार बंद कराए और राहुल गांधी व तेजस्वी यादव के खिलाफ नारेबाजी की। कई जगहों पर स्कूल और दफ्तर जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा, जबकि पुलिस को भीड़ नियंत्रित करने में मशक्कत करनी पड़ी। हालांकि, किसी बड़े विवाद या हिंसा की खबर नहीं है।

